JPSC-JSSC Recruitment : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बिरसा कॉलेज, खूंटी (Khunti) इकाई ने शुक्रवार को जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में वर्षों से रिक्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया।
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने किया समर्थन
बिरसा कॉलेज परिसर में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष जांच और समयबद्ध नियुक्तियों के समर्थन में हस्ताक्षर किए। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता सीधे युवाओं के भविष्य से जुड़ी है। यदि भर्ती प्रक्रियाओं पर लगातार सवाल उठते रहेंगे, तो मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल कमजोर होगा और व्यवस्था पर उनका भरोसा भी प्रभावित होगा।
दोषियों पर कार्रवाई और रिक्त पदों पर बहाली की मांग
एबीवीपी झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लंबे समय से तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के अनेक पद खाली पड़े हैं। इन पदों पर जल्द नियुक्ति होने से न केवल शिक्षण संस्थानों की कार्यप्रणाली मजबूत होगी, बल्कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रकाश टूटी ने कहा कि झारखंड संघर्ष और बलिदान की भूमि है और यहां का युवा पारदर्शी व्यवस्था तथा न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया की अपेक्षा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई और रिक्त पदों पर जल्द बहाली नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद छात्रों के हित में अपने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन को और व्यापक करेगी।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa Medical Negligence Case: नर्सिंग होम संचालक को ₹11 लाख मुआवजे का आदेश


