Chaibasa Couple Murder : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव में एक दंपत्ति की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार की सुबह बिश्रामपुर टोला निवासी डोंका सिंकु और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु के शव सरकारी तालाब के समीप बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या धारदार हथियार, संभवतः टांगी से सिर पर वार कर की गई है।
सुबह ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार देर शाम या रात की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए तालाब की ओर गए तो तालाब से जुड़े नाले के पास दोनों के शव पड़े मिले। पहचान होने के बाद ग्रामीणों ने गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए जा रहे साक्ष्य
सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू और पुलिस निरीक्षक भी घटनास्थल पहुंचे तथा जांच की प्रगति का जायजा लिया।
धारदार हथियार से हमले की आशंका
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं। हालांकि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
एसडीओ ने किया जल्द खुलासे का दावा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस हर एंगल पर काम कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : JPSC-JSSC Parliament Protest: भर्ती परीक्षाओं के मुद्दे पर संसद में भाजपा सांसदों का मौन उपवास


