Jamshedpur News : सोनारी थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा निवासी और एमबीए गोलगप्पावाला के संचालक बजरंग प्रसाद ने कथित सूदखोरी, मारपीट, धमकी और व्यवसाय बाधित करने के आरोप में सोनारी थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य मनीष सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ न्यायालय में शिकायत वाद दायर किया है। मामले की प्रारंभिक सुनवाई के बाद न्यायालय ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए नामजद सभी आरोपितों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
सूद पर रकम देने और अतिरिक्त वसूली का आरोप
शिकायतकर्ता बजरंग प्रसाद ने न्यायालय को बताया कि आर्थिक तंगी के दौरान उन्होंने कथित तौर पर मनीष सिंह से 1.70 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस राशि पर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया और सुरक्षा के नाम पर उनसे दो हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी ले लिए गए।
शिकायत में दावा किया गया है कि उन्होंने मूलधन से अधिक, करीब दो लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से चुका दिए हैं, जिसके साक्ष्य भी उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद लगातार अतिरिक्त राशि की मांग की जाती रही।
थाने में दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराने का आरोप
शिकायत वाद के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को उन्हें सोनारी थाना बुलाया गया, जहां कथित तौर पर दबाव बनाकर एक सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए। आरोप है कि बाद में उसी कागज पर चार महीने के भीतर दो लाख रुपये लौटाने की शर्त दर्ज कर दी गई।
ठेले पर पहुंचकर मारपीट और धमकी देने का आरोप
बजरंग प्रसाद का आरोप है कि 21 जुलाई 2026 की शाम करीब साढ़े सात बजे मनीष सिंह, जयप्रकाश ठाकुर और बिष्टुपुर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी बलराम साहू उनके गोलगप्पा ठेले पर पहुंचे। वहां कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट और अतिरिक्त ब्याज की मांग की गई। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई, पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और दोबारा दुकान लगाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
कोर्ट ने मांगी पुलिस रिपोर्ट
शिकायत वाद में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे और पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार पर भी शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने जमशेदपुर के एसएसपी से विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही शिकायत वाद में नामजद सभी आरोपितों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है। अब मामले की अगली सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur News : प्रेम संबंध विवाद में बवाल, युवक की पिटाई, छेड़छाड़ का आरोप


