Hazaribagh Police Encounter : झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के हथियारबंद गुर्गों के बीच हुई मुठभेड़ में गैंग का एक शूटर घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, उसके अन्य साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर बड़ी वारदात की थी तैयारी
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के सदस्य बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर रंगदारी वसूली और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर रणनीतिक ढंग से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पहले अपराधियों ने की फायरिंग, पुलिस ने दिया जवाब
पुलिस टीम जैसे ही चिन्हित जंगल क्षेत्र में पहुंची, पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। इस दौरान गिरोह का एक शूटर गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
फरार बदमाशों की तलाश में सघन अभियान
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह की आगे की क्या योजना थी और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
इसे भी पढ़ें : Palamu Crime : पलामू में चाकूबाजी में घायल युवक की मौत, सड़क जाम


