Palamu Crime : झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित काराकाट बन्दूवा गांव में हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल मकबूल मियां की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह शव के साथ मेदिनीनगर-चैनपुर मार्ग पर शाहपुर स्थित कोयल नदी पुल को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई तेज करने की मांग की।
शव रखकर किया प्रदर्शन, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
सुबह करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुआ सड़क जाम साढ़े नौ बजे तक जारी रहा। सूचना मिलने पर चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं जिला पार्षद फजायल अहमद भी प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की। काफी देर तक समझाइश और लिखित आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा गया।
अपहरण की कोशिश के दौरान हुई थी खूनी वारदात
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम काराकाट बन्दूवा गांव में अपराधी एक युवती के अपहरण की नीयत से पहुंचे थे। विरोध करने पर उन्होंने परिवार पर हमला कर दिया। घटना में मकबूल मियां और उनकी मां शाहीन बीवी पर चाकू से हमला किया गया, जबकि बहनोई सुलेमान मियां को गोली मार दी गई। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था।
रांची ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मकबूल मियां की हालत बेहद गंभीर होने पर उन्हें पहले मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं शाहीन बीवी और सुलेमान मियां का इलाज एमएमसीएच में जारी है।
जाम से आम लोगों को हुई भारी परेशानी
कोयल नदी पुल पर सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र, अस्पताल पहुंचने वाले मरीज तथा काम पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुल बंद होने के कारण पैदल आवाजाही भी बाधित रही। नदी में जलस्तर अधिक होने से वैकल्पिक रास्ते का उपयोग करना भी लोगों के लिए मुश्किल साबित हुआ।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Crime : पलामू में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन युवकों को लगी गोली


