Chirag Solutions Internship Certificate Distribution : लौहनगरी जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित चिराग सॉल्यूशंस में गुरुवार को इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों के लिए भव्य प्रमाणपत्र सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अल-कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (BCA) के छात्र-छात्राओं को सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं, प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके तकनीकी कौशल, अनुशासन और कार्यकुशलता के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक कार्यशैली से जोड़ना था। समारोह के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस इंटर्नशिप ने उनके तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ आत्मविश्वास और व्यावसायिक समझ को भी नई दिशा दी।
तकनीकी शिक्षा को उद्योग से जोड़ना समय की आवश्यकता : प्रभाकर प्रसाद
समारोह को संबोधित करते हुए चिराग सॉल्यूशंस के संस्थापक सह निदेशक प्रभाकर प्रसाद ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और इंडस्ट्री एक्सपोजर भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव भी प्राप्त करें। इंटर्नशिप का उद्देश्य केवल प्रमाणपत्र देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। तकनीकी शिक्षा तभी सार्थक होगी, जब छात्र अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप से लागू करना सीखेंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, नई तकनीकों को अपनाने और नवाचार की सोच विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि चिराग सॉल्यूशंस आगे भी युवाओं के कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती : अंकित अग्रवाल
ट्रेनिंग हेड अंकित अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंटर्नशिप किसी भी छात्र के करियर की मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा किकॉलेज में मिलने वाला सैद्धांतिक ज्ञान तभी प्रभावी बनता है, जब उसे वास्तविक परियोजनाओं पर काम करके समझा जाए। सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। जो विद्यार्थी लगातार सीखने और खुद को अपडेट रखने की आदत विकसित करते हैं, वही भविष्य में सफल प्रोफेशनल बनते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को टीमवर्क, समय प्रबंधन, प्रोफेशनल एथिक्स और कम्युनिकेशन स्किल्स के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी तथा उन्हें अपने करियर को लेकर सकारात्मक और लक्ष्य केंद्रित रहने की सलाह दी।

उत्कृष्ट प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान इंटर्नशिप अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संस्थान के अधिकारियों ने उनके समर्पण, अनुशासन और कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर चिराग सॉल्यूशंस के संस्थापक एवं निदेशक प्रभाकर प्रसाद, ट्रेनिंग हेड अंकित अग्रवाल सहित संस्थान की पूरी टीम, प्रशिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Khunti Bribery Case: 50 हजार रिश्वत लेते महिला थाना प्रभारी गिरफ्तार


