spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJharkhand News: जमशेदपुर में पुलिस-अपराधी मुठभेड़, चेन स्नैचर गबरू समेत दो गिरफ्तार,...

Related Posts

Jharkhand News: जमशेदपुर में पुलिस-अपराधी मुठभेड़, चेन स्नैचर गबरू समेत दो गिरफ्तार, पिस्टल और लूटे गए जेवर बरामद

  • सिदगोड़ा के जैप-6 गेट के पास हुई मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग के बाद घेराबंदी कर दोनों अपराधियों को दबोचा गया

Jamshedpur: शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग और छिनतई की घटनाओं के बीच सोमवार रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जैप-6 गेट के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात चेन स्नैचर हरपाल सिंह उर्फ गबरू सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूटे गए जेवर, नकद राशि, केमिकल स्प्रे और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की है।

महिला से चेन छीनकर फरार हुए थे अपराधी

पुलिस के अनुसार सोमवार शाम टेल्को स्थित घड़ी पार्क के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसकी सोने की चेन छीन ली। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया। टेल्को, सिदगोड़ा, बिष्टुपुर और सीतारामडेरा समेत कई थाना क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। पुलिस लगातार संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की तलाश में जुट गई।

Jharkhand News: पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश

वाहन जांच के दौरान सिदगोड़ा स्थित जैप-6 गेट के पास पुलिस ने एक संदिग्ध पल्सर बाइक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसी बीच दोनों बदमाश बाइक छोड़कर जैप परिसर की ओर भाग निकले।

तीन घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद जैप के जवानों और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी। सर्च अभियान के दौरान एक अपराधी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में करीब तीन घंटे तक अभियान चलाया गया। आखिरकार पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान हरपाल सिंह उर्फ गबरू के रूप में हुई है, जो शहर में कई छिनतई और आपराधिक मामलों में संदिग्ध बताया जा रहा है।

Jharkhand News: घायल गबरू का चल रहा इलाज

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान हरपाल सिंह उर्फ गबरू घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिससे शहर में सक्रिय अन्य अपराधियों और गिरोहों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

बड़े छिनतई गिरोह से जुड़े हो सकते हैं आरोपी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों का संबंध किसी बड़े छिनतई गिरोह से हो सकता है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड, पुराने मामलों और अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से शहर में बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Jharkhand News: एएसपी की निगरानी में चला ऑपरेशन

पूरे अभियान की निगरानी एएसपी ऋषभ त्रिवेदी कर रहे थे। ऑपरेशन में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैयाज अहमद, सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे तथा टेल्को थाना की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से जुड़े अन्य नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

Also Read: Jharkhand News: सेल खदानों में बायोमेट्रिक हाजिरी पर बढ़ा विवाद, मजदूर यूनियनों ने वार्ता का किया बहिष्कार

Latest Posts