Shibu Soren Tribute | झारखंड आंदोलन के महानायक और पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन (Dishom Guru Shibu Soren) की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को राज्यभर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित आवास और पैतृक गांव नेमरा में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर कहा कि दिशोम गुरु के सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान नेमरा में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।

Shibu Soren Tribute | रांची में दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी स्थित आवास पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनकी माता रूपी सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंड के लोगों के अधिकार, सम्मान और पहचान की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। यही कारण है कि आज भी राज्य के हर वर्ग के लोग उन्हें सम्मान और श्रद्धा से याद करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों और संघर्षों की धरती है। राज्य के निर्माण और यहां के लोगों के अधिकारों के लिए अनेक लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे सभी आंदोलनकारियों और शहीदों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

Shibu Soren Tribute | नेमरा में प्रतिमा का अनावरण
रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित पैतृक गांव नेमरा में आयोजित मुख्य श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री पूरे परिवार के साथ शामिल हुए। सोना सोबरेन मेमोरियल हाई स्कूल परिसर के समीप स्थापित दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया।
अनावरण के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी माता रूपी सोरेन से प्रतिमा का आवरण हटाने का आग्रह किया। परिवार के सभी सदस्यों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, झारखंड आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : JPSC CBI Probe Demand | JPSC-JSSC की CBI जांच हो : रघुवर दास
Shibu Soren First Death Anniversary: ‘बाबा के विचार हमेशा प्रेरित करेंगे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिबू सोरेन भले ही आज हमारे बीच भौतिक रूप से नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने आदिवासी, मूलवासी, गरीब, वंचित और शोषित समाज के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार दिशोम गुरु की उस परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध झारखंड का सपना शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
नेमरा में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, संजय प्रसाद यादव, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विधायक ममता देवी, उमाकांत रजक, जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, अमित महतो, पूर्व मंत्री बेबी देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अंत में झारखंड आंदोलन के सभी वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि दिशोम गुरु के दिखाए मार्ग पर चलकर ही राज्य के समग्र विकास और सामाजिक न्याय के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : JSSC Normalization | स. आचार्य परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन पर हाईकोर्ट सख्त


