JPSC JSSC Protest : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच बुधवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अपील पर अपना निर्जला अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अनिश्चितकालीन अनशन और आंदोलन पहले की तरह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अब वह केवल पानी ग्रहण करेंगे, लेकिन छात्रों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
JPSC JSSC Protest: वीडियो कॉल पर सोनम वांगचुक ने की अपील
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे आंदोलन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार के मुद्दों पर मुखर आवाज माने जाने वाले सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के माध्यम से देवेंद्र नाथ महतो से बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने महतो के स्वास्थ्य की चिंता जताई और कहा कि आंदोलन को लंबा और प्रभावी बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य का सुरक्षित रहना भी जरूरी है।
वांगचुक ने उन्हें पानी पीकर निर्जला अनशन समाप्त करने की सलाह दी। उनकी अपील स्वीकार करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण किया और कहा कि आंदोलन का उद्देश्य छात्रों को न्याय दिलाना है, इसलिए स्वास्थ्य को भी बनाए रखना आवश्यक है।
JPSC JSSC Protest: अनिश्चितकालीन आंदोलन रहेगा जारी
देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि निर्जला अनशन समाप्त होने का अर्थ आंदोलन का अंत नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों की प्रमुख मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन अनशन जारी रहेगा।
आंदोलनकारी छात्रों का आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे विवादों ने लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य संकट में डाल दिया है। उनका कहना है कि राज्य सरकार को इस पूरे मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि युवाओं का भरोसा बहाल हो सके।
स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की नजर
धरना स्थल पर चिकित्सकों की टीम लगातार देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। डॉक्टर समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दे रहे हैं। इधर, आंदोलन में शामिल महेंद्र मंडल भी अनशन पर डटे हुए हैं। वहीं छात्र नेता ब्रह्मानंद कुमार अब भी खुले में निर्जला अनशन जारी रखे हुए हैं। बुधवार को उनके निर्जला अनशन का चौथा दिन पूरा हो गया। चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर भी सतर्क निगरानी शुरू कर दी है।
भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी है विरोध
छात्र संगठन लंबे समय से जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्ध नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। हाल के दिनों में आंदोलन को विभिन्न छात्र संगठनों और सामाजिक समूहों का भी समर्थन मिला है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो विरोध प्रदर्शन को और व्यापक बनाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Students Protest : KU में परीक्षाओं में देरी, छात्रों का प्रदर्शन


