spot_img
spot_img
Homeबड़ी खबरेंJharkhand Crime News: सीसीएल साइडिंग में हिंसक झड़प, युवक की चाकू मारकर...

Related Posts

Jharkhand Crime News: सीसीएल साइडिंग में हिंसक झड़प, युवक की चाकू मारकर हत्या

  • कोयला साइडिंग पर कथित चोरों और कर्मियों के बीच भिड़ंत, पथराव-तोड़फोड़ से मचा हड़कंप

Giridih: जिले के सीसीएल बनियाडीह एरिया स्थित सीपी साइडिंग में मंगलवार देर रात हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खंडीहा निवासी 30 वर्षीय दिलीप दास के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

कैसे भड़की हिंसा?

बताया जा रहा है कि कोयला साइडिंग पर कथित कोयला चोरों और वहां तैनात कर्मियों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आईं।

परिजनों का आरोप

मृतक के भतीजे आशीष दास ने सीसीएल अधिकारियों समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दिलीप दास घर से बाहर शौच के लिए गए थे, इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर चाकू मारकर हत्या कर दी।

कर्मियों और गार्ड का दावा

वहीं साइडिंग में तैनात कर्मियों और गार्ड्स का कहना है कि मंगलवार रात करीब 40-50 की संख्या में कथित कोयला चोरों ने कोयला लदी हाइवा को रोक दिया। जब कर्मी मौके पर पहुंचे, तो उन पर हमला कर दिया गया। इस दौरान कई कर्मियों के साथ मारपीट हुई और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। गार्ड असगर के अनुसार, इस हमले में छह गार्ड घायल हो गए, जबकि कई अन्य कर्मियों को भी गंभीर चोटें आई हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मौके पर

  • जीतवाहन उरांव (एसडीपीओ)
  • गिरीश कुमार राठौर (सीसीएल महाप्रबंधक)
  • गोपाल सिंह मीणा (परियोजना पदाधिकारी)
  • श्याम किशोर महतो (थाना प्रभारी)

सहित कई अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में जवानों की तैनाती की है।

अधिकारियों का बयान

सीसीएल महाप्रबंधक गिरीश राठौर ने कहा कि कोयला चोरों द्वारा हमला किया गया था। वहीं एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने पुष्टि की कि झड़प में एक व्यक्ति की चाकू लगने से मौत हुई है और कई अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Latest Posts