- पूर्वी सिंहभूम में नशा मुक्ति जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा विशेष अभियान
Jharkhand: नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को इसकी गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शुक्रवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उपायुक्त कार्यालय परिसर से नशा मुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।
नशा युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा
इस मौके पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी नशे के दुष्प्रभावों से सबसे अधिक प्रभावित होती है और यह उनके सपनों, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करता है। उपायुक्त ने कहा कि नशे की लत के कारण परिवारों में तनाव बढ़ता है और समाज का ताना-बाना भी कमजोर होता है। इसलिए इसके खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
Jharkhand News: जागरूकता अभियान से लोगों तक पहुंचेगा संदेश
राजीव रंजन ने बताया कि जिला प्रशासन नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जागरूकता रथ को जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। यह रथ लोगों को नशे से होने वाले नुकसान, इसके दुष्परिणामों, बचाव के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक करेगा। अभियान के दौरान ऑडियो संदेश, प्रचार सामग्री और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों तक नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाया जाएगा।
समाज की भागीदारी से ही मिलेगा सफलता
उपायुक्त ने आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का सपना तभी साकार हो सकता है, जब समाज के सभी वर्ग इस मुहिम से जुड़ें और युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है और जिला प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयास करता रहेगा।
Jharkhand News: अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Also Read: Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को 1,018 शिक्षकों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र



