Dhanbad Encounter : धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस खान के भाई गोपी खान के दो कथित गुर्गों को गोली लगी। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायलों की पहचान वासेपुर (Wasseypur) नूरी मस्जिद रोड निवासी 35 वर्षीय इरफान आलम उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी 36 वर्षीय नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:15 बजे सूचना मिली थी कि गोपी खान के कुछ गुर्गे बरवाअड्डा इलाके में लेवी वसूलने के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की गश्ती टीम को सतर्क कर दिया गया। इसी दौरान बाइपास रोड से कुर्मीडीह होते हुए निरंकारी चौक की ओर एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। पुलिस का आरोप है कि संदिग्धों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस गश्ती वाहन के आगे के शीशे पर भी लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक पर सवार दो आरोपितों के पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े, जबकि तीसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद की हैं। घायल दोनों आरोपितों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
Dhanbad Encounter: लेवी वसूली की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ से पहले मिली सूचना लेवी वसूली से जुड़ी थी। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि इरफान और नन्हे किस व्यक्ति या कारोबारी से लेवी लेने जा रहे थे। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर इस नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
मोबाइल कॉल रिकॉर्ड समेत अन्य जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, इरफान आलम के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। वहीं नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे पिछले कुछ समय से इरफान के साथ सक्रिय था। पुलिस दोनों की आपराधिक गतिविधियों और आपसी संपर्क की भी जांच कर रही है। बताया गया है कि दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से गोपी खान के साथ बातचीत के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब मोबाइल में मौजूद कॉल रिकॉर्ड और अन्य जानकारी के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लेवी वसूली के लिए उन्हें किस तरह के निर्देश मिल रहे थे।
Dhanbad Encounter: तीसरे आरोपी की तलाश तेज
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मोहम्मद एस याकूब भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुर्मीडीह-निरंकारी चौक मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मामले की जांच के लिए रांची से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच करेगी। पुलिस ने बरामद दोनों पिस्टल को भी जांच के लिए सुरक्षित रखा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से कितनी गोलियां चलाई गईं और बरामद हथियारों का इस्तेमाल पहले किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं।
तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
वहीं, मौके से फरार तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ उसके संभावित संपर्कों को भी खंगाल रही है। फिलहाल दोनों घायल आरोपित अस्पताल में पुलिस की निगरानी में हैं। उनकी हालत और पूछताछ के आधार पर पुलिस को लेवी वसूली के नेटवर्क और फरार आरोपी के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : Koderma Bank Robbery: कोडरमा में लूट से पहले पुलिस से मुठभेड़


