भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पीएम मोदी का जताया आभार, कहा- झारखंड में बढ़ेंगी लोकसभा व विधानसभा की सीटें
Jharkhand BJP: झारखंड भाजपा (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा (Rajya Sabha) सांसद आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिसीमन एवं महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक और दूरगामी परिणाम देने वाला निर्णय बताया है। शुक्रवार को रांची में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य साहू ने इस बहुप्रतीक्षित मांग को मूर्त रूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी संसद सत्र में इन दोनों विधेयकों को पेश किए जाने पर ये पूर्ण बहुमत के साथ पारित होंगे।
Jharkhand BJP: झारखंड में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 121 सीटें होने की संभावना
आदित्य साहू ने कहा कि देश की आबादी और भौगोलिक परिस्थितियों में समय के साथ बड़ा बदलाव आया है। लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का दायरा काफी बड़ा होने से जनप्रतिनिधियों को पूरे क्षेत्र का भ्रमण करने में कठिनाई होती है। कई बार बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के कारण जनप्रतिनिधियों का जनता से सीधा संपर्क भी अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पाता। ऐसे में परिसीमन से सीटों की संख्या बढ़ना जनता और जनप्रतिनिधियों दोनों के लिए लाभकारी होगा।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। इसके तहत झारखंड में लोकसभा की वर्तमान 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं। वहीं, राज्य विधानसभा की वर्तमान 81 सीटों में भी 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव के अनुसार इनकी संख्या लगभग 121 के आसपास पहुंच सकती है। सीटों में इस वृद्धि से एसटी, एससी सहित अन्य वर्गों के प्रतिनिधित्व में भी आनुपातिक बढ़ोतरी होगी। इसका सीधा लाभ झारखंड की जनता को मिलेगा और राज्य की आवाज संसद व विधानसभा में अधिक मजबूती से गूंजेगी।
Jharkhand BJP: परिसीमन पर भ्रम फैला रहा विपक्ष, कांग्रेस ने महिला आरक्षण पर की राजनीति
विपक्ष पर निशाना साधते हुए साहू ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो सहित अन्य विपक्षी दल परिसीमन के मुद्दे पर लगातार भ्रम और आशंकाएं फैला रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने राज्यों के प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को पूरी तरह सुरक्षित रखने के प्रस्ताव के साथ आगे बढ़ने की पहल की है।
महिला आरक्षण विधेयक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक इस मुद्दे पर केवल राजनीति की। महिलाओं को उनका अधिकार देने के अनेक अवसर आने के बावजूद कांग्रेस ने कभी निर्णायक पहल नहीं की। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और स्पष्ट संकल्प के साथ नारी शक्ति के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
नारी शक्ति के सम्मान और विकसित भारत के विजन का प्रमाण है कैबिनेट का फैसला
आदित्य साहू ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़ा यह निर्णय देश की माताओं और बहनों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उचित अधिकार दिलाने की दिशा में मील का पत्थर है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से देश का लोकतंत्र अधिक समावेशी, सशक्त और संवेदनशील बनेगा। देश की आधी आबादी को नीति निर्धारण और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिभा दिखाने का व्यापक अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की राजनीति केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्णय लेकर उन्हें धरातल पर उतारने पर आधारित है। प्रधानमंत्री जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। कैबिनेट की यह मंजूरी इसी संकल्प और विकसित भारत के विजन का सशक्त प्रमाण है।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Youth Russia: रूस की हिरासत से सुरक्षित लौटा जमशेदपुर का युवक


