spot_img
spot_img
HomecrimeJamshedpur Crime: बेटी की हत्या के आरोप में माता-पिता गिरफ्तार

Related Posts

Jamshedpur Crime: बेटी की हत्या के आरोप में माता-पिता गिरफ्तार

मोबाइल चलाने को लेकर हुए विवाद में की थी आठवीं की छात्रा की पिटाई, शव खदान में फेंक रची थी लापता होने की कहानी

Jamshedpur Crime: पूर्वी सिंहभूम (East Singhbhum) जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की छात्रा कनकलता की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मोबाइल फोन चलाने की आदत को लेकर मां-बेटी के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दंपति ने मिलकर अपनी ही बेटी की डंडे से पिटाई कर हत्या कर दी थी।

Jamshedpur Crime: 10 नवंबर को हुआ था विवाद, डंडे की चोट से हुई थी मौत

कमलापुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने शुक्रवार को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतका कनकलता को लगातार मोबाइल फोन चलाने की आदत थी। इसी बात को लेकर 10 नवंबर को उसका अपनी मां सुमानी मुर्मू से विवाद हुआ था।

विवाद बढ़ जाने पर गुस्से में आकर माता-पिता ने घर में ही डंडे से कनकलता की बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कनकलता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने और खुद को बचाने के लिए दोनों ने देर रात बेटी के शव को लायाडीह के पास महीनों से बंद पड़ी पत्थर खदान के गहरे पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए दोनों ने बेटी के लापता होने की झूठी कहानी रची।

Jamshedpur Crime: खदान से शव मिलने के बाद भड़का था आक्रोश, सड़क जाम कर हुआ था प्रदर्शन

उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को ओड़िया पंचायत के लायाडीह गांव स्थित बंद पत्थर खदान से कनकलता का शव बरामद किया गया था। कनकलता गेरुवाला उत्क्रमित मध्य विद्यालय में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। शव मिलने के बाद पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने खदान के गड्ढों को भरने, खदान मालिक को मौके पर बुलाने और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की थी।

इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ग्रामीणों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं, घटना के विरोध में 14 नवंबर को ग्रामीणों ने टाटा-काटिन मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने पुलिस पर शव को चोरी-छिपे ले जाने का आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी की थी।

दस दिनों की जांच और सख्त पूछताछ में माता-पिता ने कबूला जुर्म

थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि शव बरामद होने के बाद से ही पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही थी। तफ्तीश के दौरान परिजनों के संदिग्ध व्यवहार और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस का संदेह गहराया।

पुलिस टीम ने करीब दस दिनों तक लगातार छानबीन की, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और कई लोगों से पूछताछ की। पुख्ता सुराग हाथ लगने के बाद जब माता-पिता से सख्ती से पूछताछ की गई, तो दोनों टूट गए और हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। फिलहाल पुलिस हत्या के अन्य संभावित कारणों और इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें : Bokaro Child Marriage: तीन साल में बाल विवाह मुक्त बनेगा बोकारो

Latest Posts