कोडरमा के डोमचांच में 36 दिन के मासूम की मौत पर भड़के परिजन, एएनएम रिंकी देवी पर कार्रवाई की मांग
Koderma News: कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र स्थित माथाडीह वार्ड नंबर तीन में 36 दिन के एक नवजात शिशु की मौत के बाद शुक्रवार को इलाके में हड़कंप मच गया। मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र की एएनएम रिंकी देवी पर निर्धारित उम्र से पहले गलत टीका लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार को शहीद चौक पर नवजात के शव को सड़क पर रखकर कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। मुख्य सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
Koderma News: 45 दिन के टीके 36 दिन के बच्चे को लगाने का परिजनों ने लगाया आरोप
मृतक नवजात के परिजनों के अनुसार, गुरुवार को माथाडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में नियमित टीकाकरण अभियान चल रहा था। इस दौरान बच्चे की मां रूपा देवी को भी टीकाकरण के लिए केंद्र पर बुलाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बच्चे की उम्र काफी कम होने का हवाला देते हुए एएनएम से टीका लगाने से साफ मना किया था। लेकिन इसके बावजूद एएनएम रिंकी देवी ने उनकी बात नहीं मानी और मासूम को एक साथ चार टीके लगा दिए। परिजनों का दावा है कि जो टीके 45 दिन की उम्र पूरी होने पर दिए जाते हैं, उन्हें महज 36 दिन के बच्चे को लगा दिया गया। टीका लगने के कुछ ही देर बाद बच्चे की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और शुक्रवार तड़के उसने दम तोड़ दिया।
Koderma News: इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम, एएनएम की बर्खास्तगी की मांग
मृतक नवजात पप्पू कुमार का इकलौता पुत्र था। पप्पू कुमार को पहले से दो बेटियां हैं और बेटे के जन्म से पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दी हैं।
इकलौते बेटे की मौत के बाद माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोपित एएनएम रिंकी देवी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
पुलिस ने लोगों को समझाकर हटवाया जाम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग जाम होने की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत की और उन्हें निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस की समझाइश के बाद सड़क से जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।
फिलहाल, टीकाकरण में कथित लापरवाही और नवजात की मौत के बीच सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मासूम की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Weather Update: 72 घंटे में 6 डिग्री गिरा पारा, बढ़ी कनकनी


