प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय दूतावास की पहल रंग लाई, एक माह बाद घर पहुंचे मनीष साहू
Jharkhand Youth Russia: रूस के येकातेरिनबर्ग (Yekaterinburg) में हिरासत में लिए गए जमशेदपुर के निवासी मनीष साहू आखिरकार सुरक्षित अपने वतन लौट आए हैं। झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के अनुसार, 29 वर्षीय मनीष 26 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचे। इसके बाद वे शुक्रवार, 27 नवंबर को ट्रेन के माध्यम से अपने गृह नगर जमशेदपुर (Jamshedpur) लौट आए। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और येकातेरिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के निरंतर समन्वय और त्वरित प्रयासों से उनकी यह सुरक्षित वतन वापसी संभव हो सकी है। घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।
Jharkhand Youth Russia: पर्यटक बनकर गए थे रूस, संपर्क टूटने पर मां ने दर्ज कराई थी शिकायत
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मनीष साहू 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक के रूप में रूस गए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन 27 अक्टूबर के बाद अचानक परिवार से उनका संपर्क टूट गया। बेटे से संपर्क नहीं होने पर उनकी मां नीलम साहू ने चिंतित होकर झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई।
इस बीच मनीष ने स्वयं भी विभाग को सूचना दी थी कि वहां की स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। उन्होंने अपनी शिकायत में कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप लगाने और दबाव बनाए जाने की बात भी कही थी। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया था कि ये आरोप मनीष द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी पर आधारित थे और इनका स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हो सका था।
Jharkhand Youth Russia: दूतावास के हस्तक्षेप के बाद चार हजार रूबल जुर्माने पर हुई रिहाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। विभाग ने 29 अक्टूबर को रांची स्थित प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास और अन्य संबंधित अधिकारियों को ई-मेल भेजकर तत्काल कांसुलर एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। दो नवंबर को मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने सूचित किया कि यह मामला भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के क्षेत्राधिकार में आता है और इसे वहां अग्रसारित कर दिया गया है।
इसके अगले ही दिन, तीन नवंबर को येकातेरिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने विदेशी नागरिकों के अस्थायी हिरासत केंद्र में जाकर मनीष साहू से मुलाकात की। अधिकारियों ने उन्हें आवश्यक कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई और उनका स्वास्थ्य सामान्य व संतोषजनक पाया। मनीष ने भी अपने ठीक होने की पुष्टि की। हिरासत केंद्र के प्रमुख के आदेश में उन्हें प्रशासनिक अपराध का दोषी ठहराते हुए चार हजार रूबल का जुर्माना लगाया गया। साथ ही रूस से अनिवार्य निष्कासन का आदेश जारी किया गया।
ताशकंद के रास्ते लौटे भारत, प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने जारी की अहम एडवाइजरी
विभाग के अनुसार, 9 नवंबर को न्यायिक बेलीफ ने पूरे मामले की समीक्षा की। इसके बाद मनीष को 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से प्रस्थान करने की अनुमति दी गई। अनुमति मिलने के बाद उन्होंने दिल्ली के लिए हवाई टिकट बुक कराया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से मनीष 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से रवाना हुए और 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर 27 नवंबर को जमशेदपुर लौट आए।
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग और सभी सहयोगी अधिकारियों के प्रति आभार जताया है। साथ ही विभाग ने रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का अच्छी तरह सत्यापन अवश्य करें। इसके अलावा पासपोर्ट जब्ती, अवैध भर्ती और वीजा नियमों के उल्लंघन जैसी समस्याओं से बचने के लिए भारतीय दूतावास या महावाणिज्य दूतावास के निरंतर संपर्क में रहें।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur Railway: रेल संपत्ति चोरी करते तीन आरोपी गिरफ्तार


