- आनंद मार्ग स्कूल के पास वारदात, 7-8 बार किए गए चाकू से वार
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही एक युवती पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। यह वारदात कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल के सामने वाली गली में हुई। घायल युवती की पहचान शिल्पी मोदक (24) के रूप में हुई है, जो न्यू कॉलोनी नीमडीह में संतोषी मंदिर के पास की रहने वाली है। उसके पिता अनिल मोदक टोटो चालक हैं।
घात लगाकर किया हमला, आरोपी फरार
मिली जानकारी के अनुसार, शिल्पी मोदक रोज की तरह बुधवार रात ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने सफेद शर्ट और जींस पहन रखी थी। उसने युवती पर लगातार 7 से 8 बार चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, गंभीर हालत में रेफर
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।
परिवार को बच्चों के जरिए मिली सूचना
घायल के बड़े पिता सुनील मोदक ने बताया कि शिल्पी उनके छोटे भाई अनिल मोदक की बेटी है और रोजाना बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाती थी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी कुछ बच्चों के माध्यम से परिवार तक पहुंची, जिसके बाद परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे।
पुलिस जांच में जुटी, चाकू बरामद
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



