- शत-प्रतिशत अंक, 85% से अधिक परिणाम और पूर्ण उपस्थिति वाले छात्रों को मिला सम्मान, अभिभावकों ने की सराहना
Ranchi: के कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में सत्र 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित ‘आरोह’ कार्यक्रम के तहत कक्षा चौथी से ग्यारहवीं तक के मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
मेधावी और अनुशासित छात्रों को मिला सम्मान
इस कार्यक्रम में उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले शैक्षणिक सत्र में किसी विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए या कुल 85 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक हासिल किए। इसके अलावा, ऐसे छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने पूरे सत्र में 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे उनकी अनुशासन और समर्पण की भावना झलकती है।
निदेशक ने छात्रों को किया प्रेरित
विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट परिणाम और नियमित उपस्थिति वाले छात्रों को पुरस्कृत करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।
शिक्षा में नई ऊर्जा का संचार
उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे आयोजनों से विद्यालय के शिक्षण वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा आती है और बच्चों को आगे बढ़ने की दिशा में प्रोत्साहन मिलता है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि सम्मान और प्रोत्साहन से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है, जो उनके समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
367 विद्यार्थियों को मिला सम्मान
इस अवसर पर कुल 367 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
Also Read: Jharkhand News: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को राष्ट्रीय अंबेडकर पुरस्कार से सम्मानित



