spot_img
spot_img
HomecrimeBengaluru Mass Murder: कैब चालक ने पत्नी समेत ससुराल के 7 लोगों...

Related Posts

Bengaluru Mass Murder: कैब चालक ने पत्नी समेत ससुराल के 7 लोगों को उतारा मौत के घाट

राजाजीनगर में खूनी खेल, सिल-बट्टे से सिर कुचलकर की नृशंस हत्या, नंदी हिल्स की झाड़ियों से 7 साल के मासूम का शव बरामद

Bengaluru Mass Murder: कर्नाटक के बेंगलुरु की एक रूह कंपा देने वाले मामले ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में पारिवारिक कलह के चलते एक सनकी कैब चालक ने वहशीपन की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने अपनी पत्नी समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों को अलग-अलग दिन अपने घर बुलाकर सिल-बट्टे और भारी पत्थरों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में उसकी पत्नी, सास, दो साले, दोनों सालों की पत्नियां और एक सात वर्षीय मासूम बच्चा शामिल है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शवों को अपनी कार में लादकर शहर के दूर-दराज और सुनसान इलाकों में ठिकाने लगाता रहा। पुलिस ने गुरुवार देर शाम आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है।

Bengaluru Mass Murder: जड़ में 20 साल पुराना विवाद, रंजिश में बनाया पूरे परिवार को खत्म करने का प्लान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी कैब चालक इंदुशेखर की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व सुनीता नामक महिला के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच वैवाहिक कलह और विवाद चलता रहता था। इंदुशेखर को हमेशा यह शिकायत रहती थी कि जब भी उनके बीच कोई झगड़ा होता, तो सुनीता के मायके वाले उसमें गैर-जरूरी दखल देते थे।

जब वह ससुराल वालों से अपनी पत्नी के रवैये की शिकायत करता, तो वे दामाद की बात सुनने के बजाय हर बार अपनी बेटी का ही पक्ष लेते थे। इसी रंजिश और बदले की आग में अंधे होकर इंदुशेखर ने पूरे ससुराल पक्ष को जड़ से मिटाने की खौफनाक साजिश रची। उसने अपने घर में बारी-बारी से लोगों को बुलाने का जाल बुना ताकि किसी को उस पर तनिक भी संदेह न हो।

Bengaluru Mass Murder: एक-एक कर किया शिकार, शराब पार्टी के बहाने बुलाया था सालों को

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की बेरहमी से हत्या की। हत्या के बाद उसने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी बनाई कि सुनीता अपनी सहेलियों के साथ तीर्थाटन या घूमने गई है। उसने सुनीता का मोबाइल फोन भी बंद कर दिया। इसके बाद उसने अपने साले शिवकुमार और शंकर को शराब पार्टी के बहाने घर बुलाया।

घर पहुंचते ही उसने दोनों को भारी पत्थर और सिल-बट्टे से प्रहार कर मार डाला। इसके बाद उसने दोनों सालों की पत्नियों दिव्या और नलिनी को अलग-अलग बहानों से घर बुलवाकर उनका भी कत्ल कर दिया। आरोपी ने अपनी बुजुर्ग सास रूपवती और साले शंकर के 7 वर्षीय मासूम बेटे पुनीत को भी नहीं बख्शा और उनकी भी नृशंस हत्या कर दी। हर हत्या के बाद वह रात के अंधेरे में शव को अपनी कैब की डिक्की में भरता और नंदी हिल्स सहित अन्य बीहड़ों में फेंक आता था। इसके बाद वह घर लौटकर खून के धब्बे धोकर सबूत मिटा देता था।

लापता महिला की मां की शिकायत पर खुला राज, नंदी हिल्स से बच्चे का शव बरामद

इस भयावह सीरियल हत्याकांड का भंडाफोड़ तब हुआ जब साले की पत्नी नलिनी की मां ने कई दिनों तक बेटी से संपर्क न होने पर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब परिवार के अन्य सदस्यों की खोजबीन शुरू की तो पूरा ससुराल पक्ष ही गायब मिला।

संदेह के आधार पर राजाजीनगर थाना पुलिस ने इंदुशेखर के भाश्यम सर्कल स्थित किराए के मकान पर छापा मारा। फॉरेंसिक जांच में मकान की दीवारों और फर्श से खून के कई नमूने और महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ करने पर इंदुशेखर टूट गया और उसने सातों लोगों की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी में सघन तलाशी अभियान चलाकर सात वर्षीय बालक पुनीत का शव झाड़ियों से बरामद कर लिया है। पुलिस अन्य छह शवों की तलाश में जुटी है और मामले की फॉरेंसिक पड़ताल जारी है।

इसे भी पढ़ें : Khunti Road Accident: कर्रा में अनियंत्रित ट्रक ने भीड़ को रौंदा, 7 की मौत

Latest Posts