Latehar News: ड्राइविंग सीट में फंसे ऑटो चालक को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर, दो घायलों को रिम्स किया गया रेफर
Latehar News: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरसीदाग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 75 (NH-75) पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो और ऑटो (टैंपो) के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में ऑटो चालक समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक स्टेयरिंग व ड्राइविंग सीट के बीच बुरी तरह फंस गया।
Latehar News: स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक को निकाला बाहर, दो की हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ऑटो चालक नेसार अंसारी को किसी तरह क्षतिग्रस्त वाहन की ड्राइविंग सीट से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ऑटो चालक नेसार अंसारी और एक अन्य यात्री अवध साव की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS, रांची) रेफर कर दिया।
सब्जी बेचकर लौट रहे थे कारोबारी, तभी हुई दुर्घटना
मिली जानकारी के अनुसार, लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह गांव निवासी तीन लोग—बैजनाथ महतो, शिवनारायण साहू और अवध साव ऑटो से सब्जी लेकर चंदवा बाजार आए थे। बाजार में सब्जी बेचने के बाद सभी ऑटो से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोरसीदाग गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के संबंध में चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने घायलों को इलाज के लिए भिजवाया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


