डिमना रोड स्थित एरिक्शन मोबाइल का मामला, स्पीकर बजाकर दी बम की धमकी, दुकानदारों ने दबोचा
Mango Robbery Attempt: जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड पर सोमवार को दुस्साहसिक वारदात सामने आई। यहां स्थित एरिक्शन मोबाइल दुकान में एक युवक ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। उसने चाकू निकालकर दुकानदार को धमकाया। साथ ही बैग में बम होने का दावा कर सनसनी फैला दी। इससे दुकान में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि आसपास के व्यापारियों ने सूझबूझ से बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया।
Mango Robbery Attempt: बैग में बम बताकर फैलाई दहशत, तलाशी में निकला ब्लूटूथ स्पीकर
युवक बैग से अजीब आवाज निकालकर लोगों को डरा रहा था। उसने दावा किया कि बैग में टाइमर बम है। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार तुरंत दौड़ पड़े। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश को घेर लिया। उसका चाकू छीनकर बैग की तलाशी ली गई। बैग खुलते ही हकीकत सामने आ गई। अंदर कोई बम नहीं, बल्कि एक स्पीकर मिला। वह मोबाइल से स्पीकर में रिंग बजाकर धमाके का खौफ दिखा रहा था।
Mango Robbery Attempt: व्यापारियों की तत्परता से टली वारदात, सूचना पर पहुंची पुलिस
दुकानदारों ने आरोपी को पकड़कर बैठा लिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मानगो पुलिस को सूचना दी। गश्ती दल ने फौरन मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने आरोपी युवक को अपनी हिरासत में ले लिया। मौके से उसका बैग, स्पीकर और चाकू जब्त कर लिया गया।
हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस, खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
पकड़े गए युवक को मानगो थाने ले जाया गया है। पुलिस उसके नाम, पते और पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले आया था। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुकानदार के बयान पर केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Mango Bridge Rescue: मानगो पुल पर देवदूत बने राहगीर


