spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरBagbera Water Dispute: बागबेड़ा में पानी सप्लाई पर हंगामा, मुखिया व ऑपरेटर...

Related Posts

Bagbera Water Dispute: बागबेड़ा में पानी सप्लाई पर हंगामा, मुखिया व ऑपरेटर भिड़े

समय से पहले पानी खोलने पर उपजा विवाद, वेतन और राजनीति के आरोप-प्रत्यारोप से जलापूर्ति पर संकट

Bagbera Water Dispute: जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गहराता जा रहा है। पानी खोलने के निर्धारित समय में अचानक हुए बदलाव से नाराज कॉलोनीवासियों ने सोमवार सुबह फिल्टर पंप हाउस पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान पंप ऑपरेटर राम सिंह और स्थानीय मुखिया राजकुमार गौड़ आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। अब यह मामला केवल पानी की टाइमिंग तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि वेतन भुगतान और आपसी समन्वय के विवाद में बदल गया है।

Bagbera Water Dispute: तीन बजे पानी खोलने पर भड़का विवाद, ऑपरेटर ने लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, मुखिया राजकुमार गौड़ ने ऑपरेटर राम सिंह को शाम चार बजे कॉलोनी में पानी खोलने का निर्देश दिया था। लेकिन ऑपरेटर ने रविवार को निर्धारित समय से एक घंटे पहले यानी तीन बजे ही पानी खोल दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनातनी शुरू हो गई।

ऑपरेटर राम सिंह का आरोप है कि मुखिया ने फोन पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुखिया ने उन्हें घर खाली करने, अगले दिन से काम पर नहीं आने और पंप हाउस की चाबी सौंपने का फरमान सुना दिया। दूसरी ओर, समय से पहले पानी खोलने पर सफाई देते हुए राम सिंह ने कहा कि बिष्टुपुर फिल्टर पंप हाउस से पानी की सप्लाई पहले ही शुरू हो चुकी थी। यदि वे समय पर वॉल्व नहीं खोलते, तो पंप हाउस में पानी ओवरफ्लो होकर बर्बाद होने लगता।

Bagbera Water Dispute: चार साल के बकाया वेतन के आरोप पर मुखिया ने दिखाई चेक की तस्वीर

विवाद बढ़ने पर ऑपरेटर राम सिंह ने पिछले चार वर्षों से वेतन नहीं मिलने का भी गंभीर आरोप लगाया। इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए मुखिया राजकुमार गौड़ ने अपना पक्ष रखा। मुखिया ने बताया कि निर्धारित समय से पहले पानी खोलने के कारण कॉलोनी के कई परिवार पानी भरने से वंचित रह गए, जिससे लोगों में आक्रोश है।

वेतन भुगतान के मुद्दे पर मुखिया ने स्पष्ट किया कि उनके कार्यकाल में राम सिंह को हाल ही में 72 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है। उन्होंने सबूत के तौर पर चेक की तस्वीर भी दिखाई और कहा कि उनके कार्यकाल में समय-समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है।

राजनीति के बजाय आपसी तालमेल जरूरी: राजकुमार गौड़

मुखिया राजकुमार गौड़ ने इस पूरे विवाद के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक लोग जानबूझकर ऑपरेटर को बरगला रहे हैं और जलापूर्ति व्यवस्था में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी और आवश्यक सुविधा के सुचारू संचालन में राजनीति करने के बजाय आपसी तालमेल बेहद जरूरी है। फिलहाल, मुखिया और ऑपरेटर के बीच जारी इस खींचतान के कारण बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के निवासियों में नियमित जलापूर्ति को लेकर चिंता काफी बढ़ गई है।

Read also: Jamshedpur Death: खूंटाडीह में व्यक्ति की संदिग्ध मौत

 

Latest Posts