JPSC Exam Scam Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) मुख्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे विस्तृत पूछताछ की।
भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा संचालन पर पूछे गए सवाल
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सीआईडी दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। पहले दिन करीब आठ घंटे और दूसरे दिन लगभग नौ घंटे तक एल. खियांग्ते से पूछताछ की गई थी। तीसरे दिन भी अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, प्रश्नपत्र प्रबंधन, निजी एजेंसी की भूमिका और चयन प्रक्रिया से जुड़े अहम बिंदुओं पर विस्तार से सवाल किए।
पासपोर्ट जब्त, जांच पर सीआईडी की पैनी नजर
जांच के दौरान सीआईडी ने एल. खियांग्ते का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है। जांच एजेंसी का मानना है कि जांच पूरी होने तक यह कदम आवश्यक है, ताकि बिना अनुमति उनके विदेश जाने की संभावना को रोका जा सके।
जेपीएससी और निजी एजेंसी के दफ्तरों में हुई थी छापेमारी
इससे पहले सीआईडी ने नोटिस जारी करने से पूर्व कांके रोड स्थित एल. खियांग्ते के सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय में उनके कक्ष की तलाशी ली थी। करीब पांच घंटे चली इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई और प्रारंभिक पूछताछ भी की गई।
जांच टीम ने परीक्षा संचालन से जुड़ी निजी एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के कार्यालय में भी छापेमारी कर परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए। वहीं जेपीएससी कार्यालय से ओएमआर शीट, भर्ती से संबंधित दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी कब्जे में लिए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच जारी है।
अब तक 10 गिरफ्तार, जांच जारी
सीआईडी अब तक इस मामले में जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Shibu Soren Statue: शिबू सोरेन की प्रतिमा पर छिड़ी बहस, कोल्हान के वीर शहीदों को भी सम्मान देने की मांग


