- बंद घर को बनाया निशाना, सुबह खुली चोरी की वारदात
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित टेल्को थाना क्षेत्र के नीलडीह स्थित गायत्री नगर (ग्वाला बस्ती) में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। अज्ञात अपराधियों ने प्रसिद्ध सीमेंट कारोबारी अवधेश सिंह के घर से लाखों रुपये के गहने और कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब घर का कर्मचारी वहां पहुंचा और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया।
छह कमरों के ताले और छह अलमारियों के लॉकर तोड़े
परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गए। चोरों ने एक-एक कर घर के छह कमरों के ताले तोड़ दिए थे और भीतर रखी छह अलमारियों के लॉकर भी तोड़ डाले। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों ने काफी समय लेकर पूरे घर की तलाशी ली।
शादी समारोह में गया था परिवार
पीड़ित के पुत्र सुशील कुमार सिंह ने बताया कि परिवार पिछले पांच दिनों से नामदा बस्ती स्थित दूसरे आवास पर एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने खाली घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
30 लाख से अधिक के गहने और चांदी के सिक्के चोरी
परिवार के अनुसार, अलमारियों में रखे लगभग 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी हुए हैं। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की ओर से उपहार में मिले 800 से 900 ग्राम चांदी के सिक्के भी गायब हैं। अवधेश सिंह ने बताया कि केवल उनके हिस्से के ही 8 से 10 लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं। कुल नुकसान 30 लाख रुपये से अधिक का आंका जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा नजदीकी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
Also Read : Hazaribagh News: छड़वा डैम के पास अज्ञात शव बरामद, चेहरे पर चोट के निशान; जांच में जुटी पुलिस



