- श्रद्धालुओं के लिए रेलवे का निर्णय
Railway Update : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) जिले के गिधनी रेलवे स्टेशन पर आगामी 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों का अस्थायी ठहराव किया जाएगा। यह विशेष व्यवस्था श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चंद्र नववर्ष उत्सव 1433 को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिल सके। रेलवे प्रशासन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद इस अस्थायी ठहराव को मंजूरी दी गई है और यह सुविधा केवल उत्सव अवधि तक ही प्रभावी रहेगी।
प्रमुख ट्रेनों का दो मिनट का ठहराव तय
इस अवधि के दौरान कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का गिधनी स्टेशन पर निर्धारित समयानुसार दो मिनट का ठहराव होगा। इनमें हावड़ा-टाटा स्टील एक्सप्रेस, टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस, हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस, जूनागढ़ रोड-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस और कांताबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा हावड़ा-रांची (टाटा मार्ग से) इंटरसिटी एक्सप्रेस और रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस भी इस दौरान गिधनी स्टेशन पर दो मिनट के लिए रुकेंगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
18 अप्रैल को मेमू ट्रेनों का विशेष संचालन
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 18 अप्रैल को विशेष रूप से मेमू ट्रेनों का संचालन भी सुनिश्चित किया है। इस दिन हावड़ा-घाटशिला मेमू एक्सप्रेस और घाटशिला-हावड़ा मेमू एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा।
इस अतिरिक्त व्यवस्था से न केवल स्थानीय यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि उत्सव में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।
यात्रियों से समय की जानकारी लेने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों के समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। यह अस्थायी ठहराव केवल 12 से 18 अप्रैल तक लागू रहेगा और उत्सव समाप्त होने के बाद ट्रेनों का संचालन पूर्ववत किया जाएगा।



