साकची गोलचक्कर पर चला विशेष यातायात सुरक्षा अभियान, डीसी राजीव रंजन व एसएसपी ऐहतेशाम वकारिब ने की अपील
Jamshedpur Traffic Drive: जमशेदपुर (Jamshedpur) में सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को एक अनूठी पहल की। साकची गोलचक्कर और आसपास के इलाकों में प्रशासन की ओर से विशेष यातायात सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिले के उपायुक्त (डीसी) राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ऐहतेशाम वकारिब स्वयं सड़क पर उतरे। उनके साथ जिला और पुलिस प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों का चालान काटने के बजाय उन्हें गांधीगिरी के अंदाज में समझाया गया।

Jamshedpur Traffic Drive: हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने और घायलों की मदद करने की अपील
अभियान के दौरान बिना हेलमेट गुजर रहे दोपहिया वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों का महत्व समझाया गया। जिला प्रशासन की ओर से ऐसे चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर माला पहनाई गई। इसके बाद उन्हें सुरक्षित सफर के लिए निःशुल्क हेलमेट भी प्रदान किया गया।
इस मौके पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सड़क पर पैदल चलने या वाहन चलाने के दौरान पूरी सतर्कता बरतना नितांत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते वक्त अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और कार चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। वहीं, एसएसपी ऐहतेशाम वकारिब ने भी यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया। दोनों ही अधिकारियों ने आम नागरिकों को प्रेरित किया कि यदि सड़क पर कोई हादसा हो जाए, तो बिना घबराए घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करें।

Jamshedpur Traffic Drive: नुक्कड़ नाटक और स्कूली बच्चों की रैली से दिया जागरूकता संदेश
मुख्य अभियान से पहले स्थानीय कलाकारों ने आयोजन स्थल पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने दोपहिया वाहन चलाते या पीछे बैठते समय हेलमेट पहनने का संदेश दिया। साथ ही कार चलाते और सवारी करते वक्त सीट बेल्ट लगाने की अहमियत को भी जीवंत ढंग से दर्शाया। इस प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाना था।
इस जागरूकता अभियान में शहर के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने हाथों में सड़क सुरक्षा से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर क्षेत्र में रैली निकाली। इसके बाद आयोजन स्थल पर भी तख्तियों के जरिए राहगीरों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

एनसीसी व सिविल डिफेंस की रही भागीदारी, लोगों ने की पहल की सराहना
इस विशेष अभियान में नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स और सिविल डिफेंस की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने में प्रशासन का सहयोग किया।
जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए इस सकारात्मक और मानवीय अभियान की शहरवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना की। यहां तक कि बिना हेलमेट पकड़े गए दोपहिया वाहन चालकों ने भी इस पहल की प्रशंसा की। लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा और जन-जागरूकता की दिशा में जिला प्रशासन का एक अत्यंत सराहनीय और महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसे भी पढ़ें : Fodder Scam Case: लालू यादव की अपील पर हाईकोर्ट में सुनवाई, सरकारी गवाहों को माफी देने पर उठे सवाल


