जंगलपोरा इलाके में छिपा है आतंकी लतीफ अहमद भट, सरेंडर करने से किया इनकार
Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के खूंखार कमांडर लतीफ अहमद भट को चारों तरफ से घेर लिया है। आतंकी लतीफ बीते 11 नवंबर को नौपुरा मीर बाजार में सीआरपीएफ (CRPF) चौकी पर हुए आतंकी हमले में शामिल था। सुरक्षाबल के जवान लगातार उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दे रहे हैं। लेकिन, आतंकी सरेंडर करने से साफ इनकार कर रहा है। खबर लिखे जाने तक दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी थी।
Kulgam Encounter: जंगलपोरा की एक मस्जिद में छिपे होने की मिली थी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात सुरक्षाबलों को एक गुप्त सूचना मिली थी। खुफिया तंत्र से पता चला था कि लश्कर कमांडर लतीफ अहमद भट कुलगाम के जंगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिपा हुआ है।
इस पुख्ता इनपुट के बाद भारतीय सेना, सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम हरकत में आई। सुरक्षाबलों ने तत्काल पूरे इलाके की कड़ी घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। बुधवार सुबह करीब चार बजे तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों का सामना आतंकी से हो गया। जवानों ने उसे बाहर आकर हथियार डालने का पूरा मौका दिया। लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
Kulgam Encounter: सोमवार को हुई मुठभेड़ में घायल होकर भागा था लतीफ
गौरतलब है कि सुरक्षाबल पिछले कई दिनों से लतीफ अहमद भट की सरगर्मी से तलाश कर रहे थे। इससे पहले सोमवार को भी कुलगाम के ही लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस कार्रवाई में लश्कर का एक अन्य आतंकी उमर निसार डार मारा गया था, जबकि एक आतंकवादी घायल होकर भागने में सफल रहा था।
मारा गया आतंकी उमर निसार डार हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और वह लतीफ का बेहद करीबी सहयोगी था। उस दिन हुई मुठभेड़ में लतीफ अहमद भट भी गोली लगने से घायल हुआ था। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसके पीछे लगी हुई थीं।
सीआरपीएफ चौकी पर हमले से पहले की थी कई इलाकों की रेकी
बता दें कि बीती 11 नवंबर को कुलगाम जिले के नौपुरा मीर बाजार इलाके में दो हथियारबंद आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की एक चौकी को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस कायराना हमले में सुरक्षाबल के तीन जवान घायल हो गए थे।
मामले की जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया था कि उमर निसार डार और लतीफ अहमद भट ने ही इस हमले को अंजाम दिया था। वारदात से पहले दोनों आतंकियों ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत आसपास के कई इलाकों की बारीकी से रेकी की थी। हमले को अंजाम देने के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे, जिनमें से एक को सुरक्षाबल पहले ही ढेर कर चुके हैं और अब दूसरा भी शिकंजे में फंस चुका है।
इसेस भी पढ़ें : Ranchi CBI Investigation: आत्महत्या के वक्त घर में अकेली थीं निशा भगत, क्राइम सीन रिक्रिएट


