रांची के 2,128 सरकारी स्कूलों में वित्त वर्ष 2026-27 से लागू हुई एसएनए स्पर्श प्रणाली, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मिली राहत
Ranchi MDM: सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन (MDM) योजना के संचालन और भुगतान व्यवस्था में वित्त वर्ष 2026-27 से बड़ा बदलाव लागू किया जा रहा है। अब स्कूलों को भोजन के लिए दाल, चावल, तेल, मसाले और हरी सब्जियां खरीदने के लिए अपने बैंक खाते में राशि नहीं मिलेगी। साथ ही शिक्षकों को दुकानदारों को नकद भुगतान करने और बाद में उसका हिसाब देने की जिम्मेदारी से भी मुक्ति मिल जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत सामान उपलब्ध कराने वाले दुकानदार यानी वेंडर के बैंक खाते में सीधे सरकारी राशि भेजी जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने एसएनए स्पर्श (SNA Sparsh) प्रणाली लागू की है। इसका मुख्य उद्देश्य भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक बोझ से राहत देना और सरकारी राशि के उपयोग में होने वाली गड़बड़ियों को रोकना है। रांची जिले के कुल 2,128 सरकारी स्कूलों में से करीब 50 प्रतिशत स्कूलों के वेंडरों का पंजीकरण पूरा हो चुका है और शेष का कार्य 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
Ranchi MDM: स्कूल स्तर पर होगा वेंडर का चयन, दो श्रेणियों में होगा पंजीकरण
नई प्रणाली में वेंडर चुनने का पूरा अधिकार संबंधित स्कूल को दिया गया है। स्कूल के प्रधानाध्यापक और विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) मिलकर तय करेंगे कि राशन और अन्य सामग्री किस भरोसेमंद स्थानीय दुकानदार से खरीदी जाएगी। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि प्रखंड या जिला स्तर का कोई भी अधिकारी अपनी पसंद का वेंडर नहीं थोप सकेगा। वहीं सरकारी शिक्षक किसी भी परिस्थिति में वेंडर नहीं बनेंगे। गलत वेंडर के चयन और भुगतान की जिम्मेदारी स्कूल की होगी। जरूरत के अनुसार एक स्कूल में दो या तीन वेंडर भी हो सकते हैं। जैसे दाल-तेल के लिए किराना दुकानदार, हरी सब्जियों के लिए स्थानीय विक्रेता या संयोजिका और गैस सिलेंडर के लिए अलग एजेंसी को वेंडर बनाया जा सकता है।
वेंडरों को दो श्रेणियों में बांटा गया है। जीएसटी नंबर वाले या डेढ़ लाख रुपये से अधिक कारोबार करने वाले दुकानदार कमर्शियल वेंडर कहलाएंगे। वहीं बिना जीएसटी नंबर और डेढ़ लाख रुपये से कम कारोबार वाले छोटे दुकानदार पर्सनल वेंडर की श्रेणी में आएंगे। पर्सनल वेंडर के लिए पैन कार्ड, बैंक पासबुक और दुकान की मुहर व पते वाली रसीद देना अनिवार्य है। हरी सब्जियों व कच्चे सामान के लिए हाथ से लिखी पर्ची या कच्चा बिल भी मान्य होगा, जिसे एसएमसी अध्यक्ष और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईओ) सत्यापित करेंगे।
Ranchi MDM: मेकर-चेकर आईडी से मिलेगी पे आईडी, पुराने खाते को शून्य करना जरूरी
दस्तावेज जमा होने के बाद प्रखंड स्तर पर अधिकृत ऑपरेटर मेकर आईडी (Maker ID) से पोर्टल पर वेंडर का नाम, पैन और बैंक विवरण दर्ज करेगा। जानकारी सेव होते ही सिस्टम वेंडर की एक विशेष पहचान संख्या यानी पे आईडी (Pay ID) जारी करेगा। इसी पे आईडी से आगे बिल अपलोड होंगे और ऑनलाइन रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। इसके बाद बीईओ अपने आधिकारिक पत्र के साथ वेंडरों की सूची, पे आईडी और मूल दस्तावेज जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) कार्यालय भेजेंगे। वहां अधिकृत कर्मचारी चेकर आईडी (Checker ID) से सभी विवरणों का मिलान कर वेंडर को अप्रूवल देंगे।
हालांकि नई व्यवस्था पर आने से पहले पुराने पीएफएमएस-एसएनए खाते का हिसाब पूरा करना होगा। डीएसई कार्यालय के पत्रांक 2232 (दिनांक 12 जून 2026) के अनुसार स्कूलों को एक अप्रैल 2026 का ओपनिंग बैलेंस और आवंटित राशि खर्च कर खाता शून्य करना अनिवार्य होगा। यदि किसी स्कूल का पुराना पैसा पांच अप्रैल को खत्म होता है, तो छह अप्रैल से एसएनए स्पर्श के तहत नया बिल बनेगा।
प्रति प्लेट दर और भुगतान के 10 चरण तय, दिसंबर से नियमित भुगतान
नई व्यवस्था में बच्चों को परोसी गई थाली की संख्या के आधार पर राशि तय होगी। सरकार ने कक्षा एक से पांच तक के लिए 6.78 रुपये प्रति प्लेट और कक्षा छह से आठ तक के लिए 10.17 रुपये प्रति प्लेट दर निर्धारित की है। उदाहरण के लिए कक्षा एक से पांच में एक महीने में एक हजार प्लेट भोजन परोसने पर 6,780 रुपये का भुगतान बनेगा। भुगतान प्रक्रिया कुल दस चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले वेंडर बिल तैयार करेंगे और बीईओ उसकी जांच कर डीडीओ से बिल पारित कराकर स्वीकृति आदेश लेंगे।
इसके बाद मेकर आईडी से बिल अपलोड होगा और चेकर आईडी से उसकी दोबारा जांच की जाएगी। फिर बिल डीडीओ लॉगिन में जाएगा, जहां से जिला ट्रेजरी में एक्सएमएल (XML) फाइल बनेगी। यह फाइल राज्य और केंद्रीय ट्रेजरी से होते हुए आरबीआई के माध्यम से सीधे वेंडर के बैंक खाते में पैसा पहुंचाएगी। दिसंबर महीने से सभी स्कूलों में नियमित भुगतान शुरू करने की तैयारी है। इससे अब सरकारी फंड बैंक खातों में अटका नहीं रहेगा और बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होगी।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Foundation: 15 से 28 नवंबर तक झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा


