spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand JPSC: 207 डिप्टी कलेक्टरों को जल्द मिलेगा अटका वेतन

Related Posts

Jharkhand JPSC: 207 डिप्टी कलेक्टरों को जल्द मिलेगा अटका वेतन

प्रशासी पदवर्ग समिति ने दी फ्लोटिंग पदों को मंजूरी, आठ महीने से बिना वेतन कर रहे थे ट्रेनिंग

Jharkhand JPSC: जेपीएससी (JPSC) से नियुक्त हुए 207 डिप्टी कलेक्टरों को आठ महीने बाद अब वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। प्रशासी पद वर्ग समिति ने इन सभी अधिकारियों के वेतन भुगतान के लिए फ्लोटिंग पदों के सृजन को अपनी स्वीकृति दे दी है। कार्मिक विभाग की एक तकनीकी त्रुटि के कारण इन नवचयनित अधिकारियों को पिछले आठ माह से वेतन नहीं मिल पा रहा था। जिलों में स्वीकृत पदों के मुकाबले अधिक अधिकारियों की तैनाती होने से वेतन निकासी पर रोक लग गई थी। अब प्रशासी पदवर्ग समिति की हरी झंडी मिलने के बाद वित्त विभाग और राज्य कैबिनेट की सहमति ली जाएगी। इसके तुरंत बाद सभी 207 अधिकारियों को उनका रुका हुआ वेतन मिल सकेगा।

Jharkhand JPSC: आदेश में एक शब्द की चूक से आठ महीने अटका वेतन

मामले की जड़ 13वें जेपीएससी से नियुक्त राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की फील्ड ट्रेनिंग से जुड़ी है। प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन सभी 207 अफसरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए विभिन्न जिलों में भेजा गया था। इस दौरान कार्मिक विभाग ने आदेश जारी करते समय प्रशिक्षण के बजाय गलती से “पदस्थापित” शब्द लिख दिया। इस एक शब्द के कारण जिलों में स्वीकृत बल के मुकाबले पदस्थापित अधिकारियों की संख्या अधिक हो गई। सरकारी वित्तीय नियमों के तहत किसी भी जिले में स्वीकृत पदों से ज्यादा संख्या में वेतन की निकासी नहीं की जा सकती है। इसी तकनीकी पेंच के चलते इन सभी अधिकारियों का वेतन बीते आठ महीनों से फंस गया था।

Jharkhand JPSC: कार्मिक विभाग ने सुधारी गलती, कैबिनेट की मुहर बाकी

अपनी इस प्रशासनिक चूक को सुधारने के लिए कार्मिक विभाग ने हाल ही में विभागीय प्रक्रिया शुरू की। विभाग की ओर से इन 207 अधिकारियों के लिए फ्लोटिंग पदों की स्वीकृति का प्रस्ताव प्रशासी पदवर्ग समिति को भेजा गया था। समिति ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। अब वेतन भुगतान का यह प्रस्ताव वित्त विभाग के पास जाएगा। वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद इसे अंतिम मुहर के लिए राज्य मंत्रिपरिषद यानी कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। कैबिनेट से सहमति मिलते ही इन सभी अधिकारियों को पिछले आठ महीनों का बकाया और नियमित वेतन मिलने का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो जाएगा।

राज्य के सभी 24 जिलों में बिना वेतन प्रशिक्षण ले रहे हैं 207 अफसर

झारखंड के सभी 24 जिलों में ये 207 नवचयनित डिप्टी कलेक्टर बिना वेतन के अपनी सेवाएं और प्रशिक्षण पूरा कर रहे हैं। जिलावार आंकड़ों पर गौर करें तो सर्वाधिक 12 अधिकारी दुमका जिले में तैनात हैं। खूंटी और देवघर में 11-11 अधिकारी प्रशिक्षण ले रहे हैं। राजधानी रांची और गुमला जिले में 10-10 अधिकारियों को भेजा गया है। इसके अलावा लोहरदगा, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले में 9-9 अधिकारी कार्यरत हैं। वहीं लातेहार, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद और रामगढ़ में 8-8 अधिकारी सेवाएं दे रहे हैं। जबकि गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, बोकारो, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 7-7 डिप्टी कलेक्टर बिना वेतन के फील्ड ट्रेनिंग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : Jharkhand Government: स्थापना दिवस मुख्य समारोह स्थगित, 18 को कैबिनेट बैठक

Latest Posts