सेंट मेरी स्कूल के पास खड़े हाइवा का केबिन जलकर राख, रविवार को कोटगढ़ ढाबा के पास ट्रेलर में लगी थी आग, जांच में जुटी पुलिस
Noamundi Dumper Fire: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े भारी व्यावसायिक वाहनों में लगातार आग लगने की घटनाओं से स्थानीय वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों में भारी दहशत फैल गई है। दीपावली की रात कोटगढ़ ढाबा के समीप खड़े एक ट्रेलर में रहस्यमय तरीके से आग लगने के बाद सोमवार देर रात सेंट मेरी स्कूल के पास खड़े एक हाइवा के केबिन में भीषण आग लग गई। इस घटना में हाइवा का पूरा केबिन जलकर खाक हो गया। आधी रात को रिहायशी और स्कूल परिसर के समीप वाहनों में धधकती लपटों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Noamundi Dumper Fire: टाटा स्टील की दमकल ने पाया काबू, टला बहुत बड़ा हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंट मेरी स्कूल के समीप खड़ा यह हाइवा कुम्हार टोली निवासी बीरेंद्र पासवान का है। सोमवार देर रात करीब दो बजे जब वाहन से आग की लपटें उठने लगीं, तो आसपास के स्थानीय लोगों ने तत्काल वाहन मालिक को फोन कर घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वाहन मालिक बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे।
इसके तुरंत बाद नोवामुंडी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए टाटा स्टील प्रबंधन के फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। टाटा स्टील की दमकल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से हाइवा का अगला टायर और चेसिस जलने से बच गया। जिस स्थान पर यह घटना घटी, उसके ठीक सामने सेंट मेरी स्कूल का भवन था और आसपास कई अन्य भारी वाहन भी कतार में खड़े थे। यदि आग फैलती तो करोड़ों का भारी नुकसान हो सकता था।
Noamundi Dumper Fire: वाहन मालिक ने उठाए सवाल, बैटरी पहले से निकली थी
वाहन मालिक के पुत्र ने इस घटना को अत्यंत संदेहास्पद बताते हुए अपनी आशंकाएं साझा की हैं। उन्होंने बताया कि यह हाइवा पिछले 10 से 15 दिनों से उसी स्थान पर लावारिस हालत में खड़ा था। दो दिन पूर्व ही अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गाड़ी का टर्मिनेटर चोरी कर लिया था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टर्मिनेटर चोरी होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर हाइवा की दोनों बैटरियां पहले ही खोलकर घर में सुरक्षित रख दी गई थीं। ऐसे में वाहन के भीतर किसी भी प्रकार के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की तकनीकी संभावना पूरी तरह से खारिज हो जाती है। वाहन मालिक के अनुसार किसी असामाजिक तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाने या साजिश रचने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
लगातार दो घटनाओं से ट्रांसपोर्टरों में चिंता, पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज
क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो भारी वाहनों के आग की चपेट में आने से पूरे नोवामुंडी खनन क्षेत्र में चिंता का माहौल है। दिवाली की रात कोटगढ़ ढाबा के पास ट्रेलर जलने और अब स्कूल के पास हाइवा का केबिन जलने को लेकर पुलिस की गश्ती पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्राथमिक तौर पर कुछ लोग दिवाली के पटाखों की चिंगारी उड़कर केबिन में गिरने की आशंका भी जता रहे हैं।
नोवामुंडी थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ था।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Suspicious Death: सीएच एरिया टीसी कॉलोनी में मिला बुजुर्ग का शव


