आदिवासी नेत्री की मौत से पहले 12 मिनट 51 सेकेंड हुई थी बातचीत, आईआरएस अधिकारी ने कॉल डिटेल साझा कर न्याय के लिए राष्ट्रीय स्तर तक लड़ाई ले जाने की कही बात
Ranchi Nisha Bhagat Case: झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। इस मामले में आईआरएस अधिकारी निशा उरांव ने गवाह बनने का ऐलान किया है। उनका दावा है कि घटना वाले दिन निशा भगत से उनकी 12 मिनट 51 सेकेंड तक फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान निशा भगत काफी भावुक थीं और रो रही थीं। उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी बताए थे। निशा उरांव का कहना है कि उस बातचीत में निशा भगत ने धमकी मिलने, अपमानित किए जाने और डिजिटल मीडिया के माध्यम से चरित्र हनन किए जाने की बात कही थी। अधिकारी ने इस मामले को आत्महत्या के बजाय हत्या से जुड़ा मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
Ranchi Nisha Bhagat Case: निशा भगत ने बातचीत में बताई थी प्रताड़ना की बात
निशा उरांव ने सोशल मीडिया पर फोन कॉल की डिटेल का स्क्रीनशॉट साझा किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा है कि इस बातचीत के आधार पर वह मामले में गवाह बनेंगी। उनके मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान निशा भगत ने कुछ लोगों के नाम लिए थे। उन्होंने बताया था कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। अपमानित करने के साथ सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश भी की जा रही थी।
निशा उरांव ने बताया कि उन्होंने बातचीत के दौरान निशा भगत को समझाने और हिम्मत देने की कोशिश की थी। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि वह उनके साथ बैठेंगी। साथ ही धमकी देने वालों के खिलाफ शिकायत लिखने में भी मदद करेंगी। लेकिन इसके बाद जो घटना हुई, उसने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है।
Ranchi Nisha Bhagat Case: कॉल डिटेल को बनाया गवाही का आधार, न्याय नहीं मिला तो राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगी मामला
आईआरएस अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में उपलब्ध तथ्यों और अपनी जानकारी के आधार पर गवाही देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने फोन कॉल की अवधि का स्क्रीनशॉट भी सार्वजनिक किया है। उनका कहना है कि निशा भगत से हुई बातचीत इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है।
निशा उरांव ने यह भी कहा है कि निशा भगत को न्याय मिलना चाहिए। अगर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती है, तो वह इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाएंगी। हालांकि, उनके द्वारा गवाह बनने की घोषणा के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच एजेंसी उनके बयान और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को किस तरह शामिल करती है।
6 नवंबर को हुई थी निशा भगत की मौत
उल्लेखनीय है कि छह नवंबर को आदिवासी नेत्री निशा भगत ने सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव किया था। इस दौरान उन्होंने अपनी परेशानियों और कुछ लोगों पर लगाए गए आरोपों का जिक्र किया था। इसी दिन उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही आदिवासी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच आक्रोश है। मामले में निष्पक्ष जांच की मांग भी उठ रही है।
पिता के बयान पर प्राथमिकी, डीएसपी अमर पांडेय को जांच की जिम्मेदारी
निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और पुलिस से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। पिता ने अपनी शिकायत में बेटी को प्रताड़ित किए जाने और उसकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच डीएसपी अमर कुमार पांडेय को सौंपी गई है।
इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी निशा भगत की मौत के मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने अधिकारियों से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। साथ ही फेसबुक लाइव की रिकॉर्डिंग, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है।
अब इस मामले में आईआरएस अधिकारी निशा उरांव की ओर से गवाही देने की घोषणा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, उनकी ओर से सामने रखे गए दावों की पुष्टि जांच के दौरान ही हो सकेगी। पुलिस जांच, डिजिटल साक्ष्य और संबंधित लोगों के बयान से ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आएगी।
Read also: HC Employee Relief: झारखंड हाईकोर्ट ने कर्मचारियों को दी त्योहारी सीजन में बड़ी राहत


