spot_img
spot_img
HomecrimeJamshedpur Suspicious Death: सीएच एरिया टीसी कॉलोनी में मिला बुजुर्ग का शव

Related Posts

Jamshedpur Suspicious Death: सीएच एरिया टीसी कॉलोनी में मिला बुजुर्ग का शव

बलीग्राम बस्ती निवासी सनाधार नाग का मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, महिला से प्रेम प्रसंग और विवाद की चर्चा

Jamshedpur Suspicious Death: शहर के पॉश इलाके बिष्टुपुर-कदमा सीमा पर स्थित सीएच एरिया टीसी कॉलोनी लिंक रोड पर मंगलवार को एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलीग्राम बस्ती (को-ऑपरेटिव कॉलेज के समीप) निवासी सनाधार नाग के रूप में हुई है। उनकी उम्र लगभग 60 से 70 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सुबह लिंक रोड से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे लावारिस हालत में शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय बस्तीवासी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने इसे स्वाभाविक मौत मानने से इनकार करते हुए सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है।

Jamshedpur Suspicious Death: महिला से प्रेम प्रसंग का खुला राज, एक दिन पहले हुआ था विवाद

घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के होने वाले समधी और रिश्तेदारों ने हत्या की गंभीर आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को चौंकाने वाली जानकारियां दीं। परिजनों के अनुसार बुजुर्ग सनाधार नाग का इलाके की ही एक महिला के साथ काफी लंबे समय से कथित प्रेम संबंध चल रहा था।

परिजनों का आरोप है कि घटना से ठीक एक दिन पहले बुजुर्ग और उस महिला के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक और मारपीट हुई थी। परिजनों ने दावा किया कि इसी रंजिश और विवाद के चलते बुजुर्ग की किसी अन्य स्थान पर साजिशन हत्या की गई और उसके बाद साक्ष्य छिपाने के मकसद से शव को टीसी कॉलोनी लिंक रोड पर लाकर लावारिस फेंक दिया गया।

Jamshedpur Suspicious Death: परिस्थितियों पर परिजनों ने उठाए सवाल, पैर में धूल तक नहीं थी

परिजनों ने घटनास्थल की रहस्यमय स्थिति को लेकर कई अहम तकनीकी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि घटनास्थल पर शव जिस हालत में मिला, वह कई संदेहों को जन्म देता है। मृतक की साइकिल घटनास्थल से दूर दूसरी गली में लावारिस खड़ी मिली, जबकि उनकी चप्पलें काफी दूर अलग स्थान पर बिखरी पड़ी थीं।

इसके अलावा शव पर सलीके से जैकेट पहनाई गई थी और शरीर पर बाहर से किसी धारदार हथियार या गंभीर चोट के प्रत्यक्ष निशान नजर नहीं आ रहे थे। परिजनों का सबसे बड़ा तर्क यह था कि सड़क पर पड़े होने के बावजूद बुजुर्ग के पैरों में धूल या मिट्टी का एक कण तक नहीं लगा था। इससे यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि उन्हें कहीं अन्यत्र से लाकर यहां ठिकाने लगाया गया है। परिजनों को घटना की सूचना मृतक के बेटे के एक मित्र के जरिए मिली थी, जिसके बाद वे बदहवास हालत में पहुंचे।

महिला को बुलाने की मांग पर अड़े रहे परिजन, पुलिस ने शुरू की तफ्तीश

घटना के बाद उत्तेजित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने दो टूक मांग रखी कि जब तक संदिग्ध महिला को मौके पर नहीं बुलाया जाता और उससे आमने-सामने पूछताछ नहीं की जाती, तब तक शव को घटनास्थल से उठाने नहीं दिया जाएगा।

सूचना पाकर संबंधित थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का ठोस भरोसा दिलाया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इसे भी पढ़ें : Palamu Maoist Arms: 13 लाख के इनामी संजय यादव की निशानदेही पर इंसास राइफल बरामद

Latest Posts