डोरंडा कार्यालय में हुआ मतदान, प्रशांत कुमार सिंह बने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि
Jharkhand Bar Council: राज्य के वकीलों की सर्वोच्च नियामक संस्था झारखंड स्टेट बार काउंसिल (JSBC) के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। बुधवार को हुए कड़े मुकाबले में वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत हासिल की है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर रिंकू भगत ने बाजी मारी है। इसके साथ ही बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के प्रतिनिधि सदस्य पद पर प्रशांत कुमार सिंह विजयी रहे हैं। चुनाव परिणाम सामने आते ही काउंसिल परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिवक्ताओं ने अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
Jharkhand Bar Council के डोरंडा स्थित कार्यालय में सुबह से हुआ मतदान
काउंसिल के पदाधिकारियों के चयन के लिए मतदान प्रक्रिया बुधवार सुबह 11:15 बजे से शुरू हुई। यह मतदान रांची के डोरंडा स्थित झारखंड स्टेट बार काउंसिल के केंद्रीय कार्यालय में शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर राज्य भर के वकीलों और जिला बार संघों की निगाहें डोरंडा दफ्तर पर टिकी हुई थीं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान का समय समाप्त होते ही मतपेटियों को सील किया गया। इसके फौरन बाद निर्वाचन पदाधिकारियों की देखरेख में मतों की गिनती शुरू हुई।
Jharkhand Bar Council अध्यक्ष पद पर अभय चतुर्वेदी और निलेश कुमार में थी टक्कर
काउंसिल के सबसे प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद पर दो प्रमुख कानूनी दिग्गजों के बीच आमने-सामने का सीधा मुकाबला था। इस पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे थे। दोनों ही पक्षों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी थी। मतगणना के बाद अभय कुमार चतुर्वेदी ने अपने प्रतिद्वंद्वी निलेश कुमार को पराजित कर अध्यक्ष की कुर्सी अपने नाम कर ली। उनकी इस महत्वपूर्ण जीत से उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया।
उपाध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों के बीच हुई रोमांचक जंग
उपाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प और बहुकोणीय रहा। इस पद के लिए कुल चार उम्मीदवार चुनावी समर में अपनी किस्मत आजमा रहे थे। मैदान में रिंकू भगत, अनिल कुमार महतो, मधुलता रानी और मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव आमने-सामने थे। मतों के कड़े मुकाबले के बाद रिंकू भगत ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने तीनों प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। जीत के बाद रिंकू भगत ने सभी मतदाताओं का आभार जताया और अधिवक्ताओं के मान-सम्मान की रक्षा का भरोसा दिलाया।
बीसीआई प्रतिनिधि पद पर प्रशांत कुमार सिंह ने लहराया परचम
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्य पद के लिए भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। इस पद के लिए प्रशांत कुमार सिंह, संजय कुमार विद्रोही और मनोज कुमार-दो चुनावी दौड़ में शामिल थे। तीनों अनुभवी अधिवक्ताओं के बीच हुए इस मुकाबले में प्रशांत कुमार सिंह ने बाजी मार ली। वे अब नई दिल्ली स्थित बार काउंसिल ऑफ इंडिया में झारखंड स्टेट बार काउंसिल की सशक्त आवाज बनेंगे। चुनाव जीतने के बाद नवगठित टीम ने कहा कि राज्य के वकीलों का कल्याण, अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू कराना और युवा वकीलों के लिए स्टाइपेंड की व्यवस्था करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand High Court: तीन सेकंड की देरी पर दिव्यांग को नौकरी से नहीं रोक सकते


