spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur Mango Ulidih: प्रताड़ना से तंग महिला ने 3 बेटियों संग खाया...

Related Posts

Jamshedpur Mango Ulidih: प्रताड़ना से तंग महिला ने 3 बेटियों संग खाया जहर

शंकोसाई में तीसरी बेटी होने पर ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप, एमजीएम में इलाज जारी

Jamshedpur Mango Ulidih: लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर पांच स्थित केदार बगान में बीती रात एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। लगातार पारिवारिक कलह और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस खौफनाक घटना के बाद महिला और उसकी तीनों बच्चियों की हालत गंभीर हो गई। पड़ोसियों की सजगता से सभी को देर रात एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चारों का इलाज चल रहा है, जहां एक बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

Jamshedpur Mango Ulidih की पीड़िता ने पति और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़ित महिला की पहचान पिंकी कुमारी के रूप में हुई है। उसकी बेटियों में 13 वर्षीय माही मेहता, पांच वर्षीय मासूम मेहता और चार वर्षीय ऋषिका मेहता शामिल हैं। पिंकी ने बताया कि उसका पति धर्मवीर मेहता ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। महिला का आरोप है कि पहली दो बेटियों के बाद जब तीसरी बेटी का जन्म हुआ, तभी से ससुराल में उसके ऊपर अत्याचार शुरू हो गया। पति धर्मवीर मेहता सहित सास-ससुर, देवर और देवरानी आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। बेटा न होने का ताना देकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

Jamshedpur Mango Ulidih के थाने में देवरानी की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद

पिंकी कुमारी ने बताया कि घर में आए दिन होने वाले झगड़े के बीच 22 अक्टूबर को नया मोड़ आ गया। उसकी देवरानी गुड़िया ने उलीडीह थाने में पिंकी के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी थी। थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद ससुराल वालों के तेवर और ज्यादा आक्रामक हो गए। घर के भीतर का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया था। लगातार मिल रही प्रताड़ना और पुलिस के हस्तक्षेप से वह गहरे मानसिक अवसाद में चली गई थी। ससुराल पक्ष के असहनीय दबाव और अकेलेपन ने उसे चरम कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

मैगी और चाय में मिलाया कीटनाशक, पहले बच्चों को दिया फिर खुद खाया

मंगलवार शाम पिंकी बाजार गई और वहां से जहरीला कीटनाशक खरीद कर लाई। रात में उसने घर पर मैगी बनाई और चाय तैयार की। इसके बाद उसने चुपके से कीटनाशक को मैगी और चाय में अच्छी तरह मिला दिया। उसने सबसे पहले अपनी तीनों मासूम बच्चियों माही, मासूम और ऋषिका को इसे खिलाया और पिलाया। इसके बाद पिंकी ने खुद भी जहरीला कीटनाशक निगल लिया। कुछ ही देर में चारों को तेज उल्टियां होने लगीं और वे दर्द से तड़पने लगीं। घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी अजय कुमार फौरन मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एक निजी वाहन की व्यवस्था की और चारों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह, बेहतर इलाज की मांग

घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह एमजीएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों से मिलकर चारों पीड़ितों की स्थिति की जानकारी ली। विकास सिंह ने एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक को फोन कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। उन्होंने अधीक्षक से महिला और तीनों मासूम बच्चियों को विशेष निगरानी और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा देने का आग्रह किया। विकास सिंह ने कहा कि एक मां का अपनी तीन मासूम बच्चियों के साथ ऐसा कदम उठाना हमारे समाज के लिए गहरा कलंक है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाले समाज में आज भी तीसरी बेटी पैदा होने पर मां को इस कदर प्रताड़ित किया जाना शर्मनाक और निंदनीय है। उलीडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Read also: Bokaro Treasury Scam: अमिताभ कौशल समिति ने पूरी की जांच, रिपोर्ट जल्द

 

Latest Posts