Jamshedpur News: एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा की घटना; पैदल जा रहे 60 वर्षीय काली पदो करमाकर को मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों का हंगामा
Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुखियाडांगा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एलिवेटेड कॉरिडोर (Elevated Corridor) के निर्माण कार्य में लगी एक तेज रफ्तार गाड़ी ने पीछे से पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान स्थानीय निवासी काली पदो करमाकर (60 वर्ष) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम
हादसे के तुरंत बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लगी गाड़ी के चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। न्याय और उचित मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने एनएच-33 पर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।
सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारी आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाने-बुझाने और यातायात को सुचारू कराने के प्रयास में जुटे हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को चिह्नित कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
read also:Jamshedpur News: सांढ़ के हमले में 65 वर्षीय महिला की मौत


