Bhadreshwar Train Derailment : पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में शुक्रवार सुबह भद्रेश्वर स्टेशन के समीप एक रेल इंजन के पटरी से उतर जाने के कारण हावड़ा-बर्दवान मेन लाइन पर ट्रेन परिचालन प्रभावित हो गया। घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब इंजन के दो पहिए रेल पटरी से उतर गए। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर रिवर्स लाइन पर ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोक दिया।
रिवर्स लाइन बंद होने से बढ़ी यात्रियों की परेशानी
कार्यालय जाने के व्यस्त समय में हुई इस घटना का असर बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों पर पड़ा। रिवर्स लाइन का उपयोग सुबह के समय मुख्य रूप से डाउन दिशा यानी हावड़ा जाने वाली ट्रेनों के संचालन के लिए किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर इसी लाइन से अप दिशा की ट्रेनों को भी निकाला जाता है। ऐसे में लाइन बंद होने से अप और डाउन दोनों दिशाओं की कई ट्रेनें विलंब से चलीं।
इंजन को पटरी पर लाने में जुटी रेलवे टीम
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। पटरी से उतरे इंजन को हटाने और उसे दोबारा ट्रैक पर चढ़ाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही ट्रेन सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से सामान्य किया जाएगा।
यात्रियों से संयम बरतने की अपील
रेलवे ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। साथ ही प्रभावित ट्रेनों की अद्यतन जानकारी रेलवे के आधिकारिक प्लेटफॉर्म और स्टेशन सूचना केंद्रों से प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : Associate Professor Recruitment: हाईकोर्ट ने JPSC से मांगी स्टेटस रिपोर्ट


