spot_img
spot_img
HomecrimeRamgarh Major Road Accident: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार...

Related Posts

Ramgarh Major Road Accident: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत

रजरप्पा मंदिर जा रही स्कॉर्पियो एनएच-33 पर अज्ञात वाहन से टकराई, राष्ट्रपति, पीएम मोदी, राजयपाल और मुख्यमंत्री ने जताया दुख 

​Ramgarh Major Road Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कुज्जू ओपी अंतर्गत पैंकी गांव के समीप रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग 33 (NH-33) पर रात करीब 1:30 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (बीआर 21पी 6331) आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 13 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे का शिकार हुए सभी लोग बिहार के नालंदा और नवादा क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो परिवार के एक सदस्य की शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।

​Ramgarh Major Road Accident: खुशियों का सफर मातम में बदला, 14 लोग थे सवार

​मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। परिवार के एक सदस्य को शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में सभी सदस्य श्रद्धाभाव के साथ प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर दर्शन और पूजा के लिए जा रहे थे।

​रास्ते में पैंकी गांव के पास तेज गति से चल रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर आगे जा रहे किसी अज्ञात भारी वाहन में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही पलों में खुशियों का यह सफर गहरे मातम में तब्दील हो गया। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।

​Ramgarh Major Road Accident: एसपी ने की 13 मौतों की पुष्टि, बिहार पुलिस से साधा जा रहा संपर्क

​घटना की सूचना मिलते ही कुज्जू ओपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल एकमात्र व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

​रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने इस भीषण दुर्घटना में 13 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। स्थानीय पुलिस बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना और नवादा क्षेत्र के पीड़ित परिजनों से लगातार संपर्क साध रही है, ताकि सभी मृतकों की विधिवत पहचान कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आगे चल रहे वाहन से टक्कर ही हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रही है।

​राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु व पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक, मुआवजे की घोषणा

​इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि रामगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर घोषणा की कि इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। राज्यपाल ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने घायल व्यक्ति को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।

इसे भी पढ़ें :Chatra Opium: 6 किलो अफीम के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार

Latest Posts