पेंशन लाभों की गणना शुरुआती नियुक्ति की तारीख से करने का निर्देश, शंकर प्रसाद की याचिका खारिज
JPSC Service: झारखंड हाईकोर्ट ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के संविदाकर्मी शंकर प्रसाद की याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि नियमितीकरण के बाद उन्हें लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद और 1900 रुपये ग्रेड पे पर रखा जाना नियमों के अनुरूप है। हालांकि, याचिकाकर्ता को आंशिक राहत देते हुए अदालत ने निर्देश दिया कि उनके पेंशन संबंधी लाभों की गणना शुरुआती नियुक्ति की तारीख यानी 16 दिसंबर 2004 से की जाए। यह फैसला न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने सुनाया।
JPSC Service: 17 साल से अधिक समय तक संविदा पर की नौकरी
शंकर प्रसाद 16 दिसंबर 2004 से झारखंड लोक सेवा आयोग में संविदा के आधार पर टंकक (टाइपिस्ट) के पद पर काम कर रहे थे। उनकी संविदा सेवा 17 वर्षों से अधिक समय तक जारी रही। इस बीच नियमितीकरण से संबंधित एक पूर्व याचिका में 20 सितंबर 2023 को पारित आदेश के अनुपालन में JPSC ने 8 जुलाई 2024 को उनकी सेवा नियमित कर दी। उन्हें लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद पर 1900 रुपये ग्रेड पे और पे लेवल-2 में नियमित किया गया।
JPSC Service: UDC पद और 2400 ग्रेड पे की थी मांग
नियमितीकरण के आदेश से असंतुष्ट शंकर प्रसाद ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने मांग की थी कि उन्हें 16 दिसंबर 2004 से ही अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) के पद पर नियमित माना जाए। इसके साथ ही 2400 रुपये ग्रेड पे के आधार पर वेतन निर्धारण, वरीयता, प्रोन्नति, MACP और बकाया राशि देने की मांग की गई थी।
याचिकाकर्ता ने 8 जुलाई 2024 के नियमितीकरण आदेश के उस हिस्से को भी चुनौती दी थी, जिसके तहत उन्हें LDC पद पर रखा गया और ग्रेड पे 2400 रुपये से घटाकर 1900 रुपये निर्धारित किया गया।
सरकार और JPSC ने नियमों का दिया हवाला
राज्य सरकार और JPSC की ओर से अदालत को बताया गया कि शंकर प्रसाद का नियमितीकरण झारखंड सचिवालय लिपिकीय सेवा नियमावली-2010 और नियमितीकरण नियमावली-2015 के प्रावधानों के तहत किया गया है। सचिवालय लिपिकीय सेवा नियमावली 26 जुलाई 2010 को अधिसूचित हुई थी।
सरकार की ओर से दलील दी गई कि 2010 की नियमावली के खंड-12 के अनुसार, UDC का पद प्रोन्नति का पद है। इस पर नियुक्ति संपुष्ट LDC संवर्ग के कर्मचारियों की वरीयता-सह-योग्यता सूची और निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने के बाद ही की जा सकती है। वहीं, नियमितीकरण नियमावली-2015 के खंड-3(VII) के तहत नियमितीकरण का लाभ नियमित नियुक्ति की तारीख से ही देय होता है।
अदालत ने LDC पद पर नियमितीकरण को सही ठहराया
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने पाया कि संबंधित नियमों के तहत शंकर प्रसाद का LDC पद पर नियमितीकरण गलत नहीं है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल लंबे समय तक संविदा पर काम करने के आधार पर उन्हें UDC पद या 2400 रुपये ग्रेड पे का अधिकार नहीं दिया जा सकता।
इस आधार पर अदालत ने ग्रेड पे बढ़ाने और UDC पद पर नियमित मानने की मांग खारिज कर दी। यानी JPSC की ओर से जारी 8 जुलाई 2024 का नियमितीकरण आदेश बरकरार रहेगा।
पेंशन लाभों पर मिली आंशिक राहत
हालांकि, पेंशन संबंधी लाभों के मामले में अदालत ने याचिकाकर्ता को राहत दी। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि लागू नियमों के तहत उनके पेंशन लाभों की गणना और विस्तार करते समय नियमितीकरण की तारीख के बजाय शुरुआती नियुक्ति की तारीख 16 दिसंबर 2004 को आधार बनाया जाए।
इस तरह अदालत ने पद और ग्रेड पे से जुड़ी मांगों को अस्वीकार करते हुए पेंशन लाभों के मामले में शुरुआती नियुक्ति की तारीख को मान्यता दी। इसके साथ ही याचिका खारिज कर दी गई और लंबित हस्तक्षेप याचिकाओं (I.A.) का भी निष्पादन कर दिया गया। अदालत ने मामले में लागत को लेकर कोई आदेश पारित नहीं किया।
Read also: Jharkhand Weather: लातेहार में 7.2 डिग्री पहुंचा पारा


