spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur Womens College: सिदगोड़ा कैंपस में मना संविधान गौरव दिवस

Related Posts

Jamshedpur Womens College: सिदगोड़ा कैंपस में मना संविधान गौरव दिवस

सांसद विद्युत वरण महतो व विधायक पूर्णिमा साहू हुईं शामिल, एनएसएस से जुड़ी छात्राओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान

Jamshedpur Womens College: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय (पूर्व में जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज) के सिदगोड़ा कैंपस में शनिवार को संविधान गौरव दिवस बेहद गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस विशेष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और संजीव कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर इला कुमार ने संयुक्त रूप से पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर की। इस आयोजन में दोनों कैंपस के शिक्षक और छात्राएं बड़ी संख्या में जुड़ीं।

Jamshedpur Womens College: युवाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करें: सांसद विद्युत वरण

मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान की रचना के दौरान विशेष रूप से दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान को स्थान दिया। भारतवर्ष में विभिन्न जाति और धर्मों के लोग एक साथ रहते हैं। इतनी विशाल जनसंख्या के लिए ऐसे समावेशी संविधान का निर्माण किया गया, जिसमें हर नागरिक को समानता का अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के बीच जाकर संविधान की जानकारी देना और उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक है, क्योंकि यही युवा भविष्य के निर्माता हैं।

संविधान को पढ़ने की नहीं, जीने की जरूरत : विधायक पूर्णिमा

विशिष्ट अतिथि विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने संबोधन में कहा कि आज संविधान को केवल पढ़ने की नहीं, बल्कि अपने जीवन में जीने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अपने संवैधानिक अधिकारों का सही प्रयोग करने का आह्वान किया। विधायक ने समाज सुधारक ज्योतिबा फुले को भी याद किया, जिन्होंने नारी शिक्षा के लिए लंबा संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को संविधान की मूल भावना को गहराई से समझना चाहिए। वहीं, विशिष्ट अतिथि संजीव कुमार ने भी अपने वक्तव्य में संविधान के महत्व का उल्लेख किया।

Jamshedpur Womens College: सरदार पटेल ने बनाई राष्ट्रीय एकता: कुलपति

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर इला कुमार ने संविधान के निर्माण और इसके सफल क्रियान्वयन पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की 562 छोटी-बड़ी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी थी।

कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय में भी देश को उसी एकजुटता की जरूरत है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के युवाओं को संविधान की महत्ता से भली-भांति अवगत होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एनएसएस की छात्राओं अंकिता सेतुआ, निकिता कुमारी, कुमारी आराध्या राय और तान्या कुमारी गुप्ता को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

बिष्टुपुर कैंपस से डिजिटल माध्यम से जुड़ीं छात्राएं

सिदगोड़ा कैंपस के तीसरे, चौथे और पांचवें फ्लोर के लेक्चर थिएटर में भी विभिन्न संकायों के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्राएं लाइव प्रसारण के जरिए शामिल हुईं। इसके साथ ही बिष्टुपुर कैंपस में उपस्थित सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्राएं भी डिजिटल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ी रहीं।

इस अवसर पर डॉ. किश्वर आरा, डॉ. सुधीर साहू, डॉ. अन्नपूर्णा झा, डॉ. ग्लोरिया पूर्ति, डॉ. मनीषा टाइटस, डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. कामिनी कुमारी, डॉ. रितेश ठाकुर, डॉ. केया और डॉ. सनातन दीप समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Read also: Chaibasa News: नवजात बेटी को देखने जा रहे पिता की मौत

 

Latest Posts