spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur BJYM Protest: पत्रकार की गिरफ्तारी पर भड़का युवा मोर्चा

Related Posts

Jamshedpur BJYM Protest: पत्रकार की गिरफ्तारी पर भड़का युवा मोर्चा

उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग, डीसी को सौंपा मांग पत्र, जिलाध्यक्ष नीतीश कुमार ने पत्रकारों से की कवरेज नहींं करने की अपील

Jamshedpur BJYM Protest: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित पुलिस प्रताड़ना के विरोध में शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक मांग पत्र भी सौंपा।

Jamshedpur BJYM Protest: खबर चलाने के बाद दर्ज हुआ था मामला, 25 नवंबर को हुई थी गिरफ्तारी

पूरा विवाद सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़ी एक खबर के प्रसारण के बाद शुरू हुआ था। पत्रकार अभिषेक भारती ने अपने मीडिया प्लेटफॉर्म पर विधायक पर एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ी खबर चलाई थी। इसके बाद 13 नवंबर को विधायक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी ओर, लड़की के दादा की शिकायत पर पाकरटांड़ थाना में एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की पर नाबालिग को अगवा करने तथा विधायक के खिलाफ दबाव बनाकर झूठा बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए सिमडेगा पुलिस ने 25 नवंबर की रात जमशेदपुर से अभिषेक भारती को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, सिमडेगा पुलिस ने प्रताड़ना के इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

Jamshedpur BJYM Protest: प्रेस क्लब से कवरेज नहीं करने की अपील, आपातकाल से की तुलना

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने कहा कि अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पत्रकारिता की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के अधिकार पर सीधा हमला है। उन्होंने झारखंड के प्रेस क्लब से विशेष अपील की है। कुशवाहा ने कहा कि जब तक अभिषेक भारती की रिहाई और कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मीडिया संस्थान और पत्रकार कांग्रेस के कार्यक्रमों का कवरेज न करें।

उन्होंने वर्तमान हेमंत सरकार की कार्यशैली की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय लगाए गए आपातकाल से की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा व बड़ी संख्या में शामिल हुए भाजपा कार्यकर्ता

उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी शामिल हुए। इसमें भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल और प्रदीप मुखर्जी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

सभी नेताओं ने एक स्वर में इस कार्रवाई की निंदा की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने तख्तियां लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

Read also: Jamshedpur News: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर टॉपर्स को मिले लैपटॉप

 

Latest Posts