- पोखराहा फोरलेन पर हादसे में 35 वर्षीय माजिद आलम की मौत, उग्र ग्रामीणों ने ओवरब्रिज निर्माण और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया
Jharkhand: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखराहा स्थित फोरलेन सड़क पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) को जाम कर दिया। मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी 35 वर्षीय माजिद आलम के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
Jharkhand News: हाईवा की चपेट में आया स्कूटी सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार माजिद आलम स्कूटी से मेदिनीनगर की ओर जा रहे थे। जब वह पोखराहा चौक के समीप नेशनल हाईवे के फोरलेन को पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि माजिद आलम सड़क पर गिर पड़े और हाईवा उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल माजिद आलम को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद परिचित लोगों ने शव की पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
Jharkhand News: मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
हादसे से नाराज स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी निचले स्तर के अधिकारी से वार्ता नहीं करेंगे और जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ओवरब्रिज निर्माण और मुआवजे की मांग
प्रदर्शनकारियों ने पोखराहा चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग एक बार फिर जोर-शोर से उठाई। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग भी की।
Jharkhand News: दोनों ओर फंसे दर्जनों वाहन
सड़क जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री और मालवाहक वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
लगातार हादसों से बढ़ रही चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखराहा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तीन दिन पहले भी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी परिजनों और ग्रामीणों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों के दौरान इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
Jharkhand News: समाचार लिखे जाने तक जारी था जाम
समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे हुए थे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित था। प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास जारी था।



