- मोरहाबादी मैदान से निकली नशामुक्ति जागरूकता मैराथन में युवाओं, खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिखाई हरी झंडी
Jharkhand: झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से गुरुवार को नशामुक्ति जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

Jharkhand News: बड़ी संख्या में युवाओं और खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया। पूरे मार्ग में “नशा छोड़ो, स्वस्थ जीवन अपनाओ”, “युवा शक्ति देश की ताकत है”, “नशामुक्त झारखंड हमारा संकल्प है” और “स्वस्थ युवा, समृद्ध समाज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार नशामुक्त झारखंड के निर्माण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशा युवाओं के सामने सबसे बड़ी सामाजिक चुनौतियों में से एक बन चुका है, जो न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।
Jharkhand News: खेल, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े युवा
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशे के खिलाफ चेतावनी देना नहीं है, बल्कि युवाओं को खेल, शिक्षा, कला, संस्कृति और कौशल विकास जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि जब युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाते हैं तो वे न केवल अपने भविष्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज और राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

सामाजिक परिवर्तन का संदेश है यह मैराथन
मंत्री ने कहा कि मोरहाबादी मैदान से शुरू हुई यह मैराथन केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का संदेश देने वाला एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा, “नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि कई नई समस्याओं की जड़ है। हमें मिलकर ऐसा समाज बनाना है जहां युवा स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर बन सकें।”
Jharkhand News: राज्यभर में चल रहा है नशा मुक्ति अभियान
विभागीय अधिकारियों के अनुसार नशा मुक्ति अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में जागरूकता रैलियां, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कार्यशालाएं और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है।
प्रतिभागियों ने लिया नशामुक्त झारखंड का संकल्प
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई युवाओं ने इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त झारखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया और समाज में जागरूकता फैलाने का वचन दिया।
Also Read: Jharkhand News: वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भीषण भूकंप, हजारों मौतों की आशंका



