- मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से लगी आग, पूरा परिवार हुआ बेघर
पलामू: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनेरीबांध गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड में दिलीप पाठक का खपड़ापोस मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस भीषण आग में नगद 50 हजार रुपये सहित लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद पूरा परिवार बेघर हो गया है और शादी की तैयारियों के बीच घर में मातम का माहौल छा गया है।
अगरबत्ती से लगी आग ने लिया विकराल रूप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे घर के अंदर जलाई गई मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से आग लग गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, जिसके कारण समय रहते आग का पता नहीं चल सका। देखते ही देखते कंडी-बांस से बने कच्चे मकान में आग तेजी से फैल गई और पूरा घर उसकी चपेट में आ गया।
ग्रामीणों और दमकल टीम ने 3 घंटे की मशक्कत से पाया काबू
आग लगने के बाद परिवार के लोगों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार रात लगभग 2 बजे आग पर काबू पाया गया।
शादी की तैयारी का सामान भी जलकर खाक
दिलीप पाठक ने बताया कि उनकी एक नतनी की सगाई और शादी की तैयारी चल रही थी, जिसके लिए घर में काफी सामान खरीदा गया था। आग में सगाई का पूरा सामान, सोने-चांदी के जेवरात, नगद 50 हजार रुपये, खाद्य सामग्री, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
पांच बेटियों का परिवार प्रभावित, रहने को नहीं बचा घर
दिलीप पाठक ने बताया कि उनकी पाँच बेटियाँ हैं। इसी कच्चे मकान में उनकी दो बेटियां अपने परिवार के साथ रहती थीं। अब मकान पूरी तरह जल जाने के कारण परिवार को रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अब बेटी के घर रहकर जीवनयापन करना पड़ेगा।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से तत्काल राहत उपलब्ध कराने की अपील की है।



