- झारखंड के शीर्ष नेताओं ने बाबा साहेब को किया नमन
रांची: भारतीय संविधान के शिल्पकार और महान समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।
राज्यपाल ने लोकभवन में किया माल्यार्पण
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची स्थित लोकभवन में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब को भारतीय लोकतंत्र और संविधान का महान शिल्पकार बताते हुए उनके योगदान को देश के लिए अमूल्य बताया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया प्रेरणास्त्रोत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए बाबा साहेब को शत-शत नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को ऐसा मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया, जिसमें समानता, न्याय, अधिकार और समता की आत्मा बसती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब का संघर्ष, साहस और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि संविधान के माध्यम से बाबा साहेब ने शोषित, वंचित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने की मजबूत नींव रखी।
बाबूलाल मरांडी ने भी किया नमन
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया और न्यायपूर्ण व्यवस्था की नींव रखी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समानता और न्याय आधारित समाज बनाने का लिया संकल्प
तीनों नेताओं ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने और एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और न्याय प्राप्त हो सके।



