- लातेहार के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में जमीन को लेकर दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, टांगी से हमला कर बड़े भाई की हत्या
Jharkhand: जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गुरुवार रात दो भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई 65 वर्षीय कामिल बेक की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सलोमी बेक और बेटा निलेश बेक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।
टांगी से किया गया हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार पोटमाडीह गांव निवासी कामिल बेक और उनके छोटे भाई पोलिकार्प बेक के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पोलिकार्प बेक ने टांगी से अपने बड़े भाई कामिल बेक पर हमला कर दिया। हमले में कामिल बेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
Jharkhand News: बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी हमला
घटना के दौरान जब कामिल बेक की पत्नी सलोमी बेक और बेटा निलेश बेक बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपित ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद चिकित्सकों ने कामिल बेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी सलोमी बेक और बेटे निलेश बेक की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
Jharkhand News: पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Palamu News: ट्रेन से कटकर छतरपुर की बुजुर्ग महिला की मौत, मानसिक स्थिति थी खराब



