5 वर्षीय खुशबू ने अस्पताल में तोड़ा दम, दो परिवारों के बुझे चिराग, पीएम मोदी और सीएम हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक
Khunti Road Tragedy: खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में हताहतों का आंकड़ा बढ़कर आठ हो गया है। खूंटी सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही पांच वर्षीया घायल बच्ची खुशबू कुमारी ने भी शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में पहले सात लोगों की जान चली गई थी। अब खुशबू के निधन के साथ ही दो पीड़ित परिवारों के कुल आठ सदस्यों की असामयिक मौत हो चुकी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने खूंटी-तोरपा और कर्रा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। गुस्साए ग्रामीण मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने और लिखित मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।
Khunti Road Tragedy: 18 चक्का ट्रेलर ने भीड़ को रौंदा, मदद करने पहुंचे थे महिलाएं और बच्चे
घटना की पृष्ठभूमि अत्यंत हृदयविदारक है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार रात करीब पौने दस बजे जेम्स बांडो नामक एक स्कूटी सवार कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर पोड़ा से पहले जोने-लुदरू मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पुलिया के समीप झाड़ियों में गिर गया था। दुर्घटना की आवाज सुनकर पास की बस्ती की महिलाएं और बच्चे उसे बचाने के लिए दौड़े थे।
लोग पुलिया के पास खड़े होकर राहत कार्य में हाथ बंटा ही रहे थे कि तभी तोरपा की ओर से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार 18 चक्का अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी भीड़ को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक किशोर ने देर रात दम तोड़ा था। अब खुशबू की मौत के बाद मृतकों की संख्या आठ हो गई है।
Khunti Road Tragedy: मजदूरी करने गए राजेश का उजड़ा संसार
इस हादसे ने राजेश लोहरा के हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। परिवार की आर्थिक तंगी दूर करने के लिए राजेश दो दिन पहले ही मजदूरी करने गुजरात पहुंचा था। वह अभी काम तलाश ही रहा था कि गुरुवार रात फोन पर उसे सूचना मिली कि सड़क हादसे में उसकी मां, पत्नी और दो मासूम बेटियों की मौत हो गई है।
एक ही झटके में पूरा परिवार खत्म होने की खबर से राजेश बदहवास हो गया। दुख की बात यह भी रही कि उसके पास तुरंत गुजरात से घर लौटने तक के पैसे नहीं थे। यह जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने दरियादिली दिखाई और आपस में चंदा एकत्र कर राजेश को गुजरात से वापस लाने के लिए पैसे भेजे।
वहीं दूसरे पीड़ित परिवार बिरसा नायक की पत्नी कसीला देवी (उर्फ जसवंती देवी), बेटी अंजलि, 12 वर्षीय नाती सौरव नायक और अब 5 वर्षीय बेटी खुशबू कुमारी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक, सड़क जाम से गाड़ियों की कतारें
इस लोमहर्षक हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर जारी शोक संदेश में कहा गया कि झारखंड के खूंटी में हुए हादसे में लोगों की मौत से गहरा दुख पहुंचा है। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की गई।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुर्घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कर्रा सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इधर, शुक्रवार सुबह से ही रेलवे फाटक और कर्रा-तोरपा मार्ग पर आक्रोशित ग्रामीणों का चक्का जाम जारी रहा। ग्रामीण सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ब्रेकर निर्माण और तत्काल आर्थिक सहायता के लिखित आदेश की मांग पर अड़े रहे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर यात्री बसों और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इसे भी पढ़ें : Khunti Road Accident: कर्रा में अनियंत्रित ट्रक ने भीड़ को रौंदा, 7 की मौत


