spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand Weather Forecast: झारखंड के 9 जिलों में बारिश के आसार

Related Posts

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड के 9 जिलों में बारिश के आसार

आंध्र तट से यूपी तक सक्रिय ट्रफ का दिखेगा व्यापक असर, संताल परगना और कोल्हान में बदलेगा मौसम का मिजाज

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव आने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत के ऊपर बने नए मौसमी तंत्र के कारण राज्य के नौ जिलों में बुधवार 11 नवंबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने मंगलवार को विशेष बुलेटिन जारी कर यह आधिकारिक पूर्वानुमान जताया है। बारिश की संभावना को देखते हुए संताल परगना और कोल्हान प्रमंडल के संबंधित जिलों में तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक बढ़ने के स्पष्ट आसार हैं। हालांकि राज्य के मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मौसम मिला-जुला बना रहेगा।

Jharkhand Weather Forecast: संताल और कोल्हान के आसमान में मंडराएंगे बादल

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार को राज्य के जिन नौ जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है, उनमें संताल परगना के सात और कोल्हान के दो जिले शामिल हैं। इनमें देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के अलावा पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां जिले शामिल हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश से लेकर उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक सक्रिय ट्रफ रेखा गुजर रही है। यह मौसमी ट्रफ ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के वायुमंडल से होकर गुजर रहा है। इसी मौसमी तंत्र के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बादलों का निर्माण कर रही हैं। आने वाले दिनों में भी इसके आंशिक प्रभाव से कई इलाकों में रुक-रुक कर बादल छाने और बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है।

Jharkhand Weather Forecast: डाल्टनगंज सबसे गर्म व लातेहार रहा सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य भर के तापमान में बड़ा क्षेत्रवार अंतर दर्ज किया गया। पलामू प्रमंडल का डाल्टनगंज शहर 31.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रिकॉर्ड किया गया। वहीं दूसरी तरफ लातेहार जिला न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा क्षेत्र दर्ज हुआ।

सुबह और देर रात के समय राज्य के लगभग सभी जिलों में गुलाबी ठंड का असर लगातार गहराता जा रहा है। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा और धुंध छाई रह रही है, जिससे सुबह-सवेरे ठिठुरन महसूस की जा रही है।

राजधानी रांची में खिली रही चटख धूप, प्रमुख शहरों का ऐसा रहा पारा

राजधानी रांची और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को सुबह के वक्त हल्का कुहासा छाया रहा, जिससे ठंड का अहसास हुआ। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही आसमान पूरी तरह साफ हो गया और चटख धूप खिली रही। दोपहर में धूप के कारण मौसम सामान्य और सुहावना बना रहा।

मंगलवार को दर्ज आंकड़ों के अनुसार राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री और न्यूनतम 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 30.6 डिग्री और न्यूनतम 17.3 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.4 डिग्री और न्यूनतम 17.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 डिग्री और न्यूनतम 15.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें : Giridih Workers Rescued: बिहार में बंधक बनाए गए झारखंड के 8 मजदूर मुक्त

Latest Posts