Chaibasa Inter-State Security Meeting : चाईबासा में गुरुवार को झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस इंटर स्टेट बोर्ड बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली गतिविधियों, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी और अंतरराज्यीय अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए साझा रणनीति तैयार की गई।
नक्सल गतिविधियों पर साझा रणनीति बनी
सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तीनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नक्सली संगठनों की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान नक्सली दस्तों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया और उनके खिलाफ समन्वित एवं संयुक्त अभियान चलाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
तस्करी रोकने के लिए बढ़ेगा आपसी तालमेल
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी और अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए राज्यों के बीच सूचना साझा करने की प्रणाली को और मजबूत करने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि बेहतर समन्वय और संयुक्त कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हुए शामिल
बैठक में वेस्टर्न जोन, राउरकेला के पुलिस उप महानिरीक्षक ब्रजेश कुमार राय, बांकुड़ा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक मोदी, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम बकारि, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी, जमशेदपुर (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार खंडेलवाल, जमशेदपुर (नगर) के पुलिस अधीक्षक ललित मीणा, क्योंझर के पुलिस अधीक्षक नीतीन दागदु कुशालकर, मयूरभंज के पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली, राउरकेला के पुलिस अधीक्षक नीतेश वाधवानी, सुंदरगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृतपाल कौर, झारग्राम के पुलिस अधीक्षक सन्नी कुमार राज, पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला, खूंटी के अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) क्रिस्टोफर केरकेट्टा तथा सिमडेगा के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणबीर सिंह मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अंतरराज्यीय समन्वय को और प्रभावी बनाकर नक्सलवाद और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : Amreshwar Dham Shravani Mela: अर्जुन मुंडा ने किया शुभारंभ, पुल निर्माण में देरी पर चिंता


