Amreshwar Dham Shravani Mela : झारखंड (Jharkhand) के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल खूंटी स्थित बाबा आम्रेश्वर धाम में गुरुवार को श्रावणी मेले का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, उनकी पत्नी मीरा मुंडा, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा तथा अन्य अतिथियों ने नारियल फोड़कर मेले का उद्घाटन किया। इससे पहले सभी ने बाबा भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पूजा-अर्चना के बाद धाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अर्जुन मुंडा ने रुद्राक्ष और आम का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि सावन के पहले दिन रुद्राक्ष का पौधा लगाना सौभाग्य का विषय है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण है। पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बाबा आम्रेश्वर धाम की ऐतिहासिक पहचान का किया उल्लेख
पत्रकारों से बातचीत में अर्जुन मुंडा ने कहा कि बाबा आम्रेश्वर धाम झारखंड का एक प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति और जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर वर्ष बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं।
पहलोल पुल निर्माण में देरी पर जताई चिंता
अर्जुन मुंडा ने पिछले वर्ष भारी बारिश में क्षतिग्रस्त हुए पहलोल (बनई नदी) पुल के निर्माण में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह मार्ग खूंटी से बाबा आम्रेश्वर धाम तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के साथ-साथ ओडिशा और छत्तीसगढ़ को भी जोड़ता है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुल का निर्माण पूरा नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को इस दिशा में विशेष पहल करते हुए टास्क फोर्स का गठन करना चाहिए, ताकि पुल निर्माण जल्द पूरा हो सके और श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों तथा व्यापारिक गतिविधियों को हो रही परेशानी समाप्त हो।
बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि
उद्घाटन समारोह में बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव, महामंत्री मनोज कुमार, रमेश मांझी, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, महेंद्र भगत, कृष्णानंद तिवारी, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Saranda Protest: बसों की कमी पर बच्चों संग सड़क पर उतरे अभिभावक


