spot_img
spot_img
Homeउत्तरी छोटानागपुरहजारीबागHazaribagh Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो छात्रों की मौत,...

Related Posts

Hazaribagh Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो छात्रों की मौत, बाइक सवार युवक गंभीर

चौपारण के लराही रोड पर हुआ हादसा, सड़क किनारे खड़े दोनों किशोर भी आए वाहन की चपेट में

Hazaribagh Road Accident: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। लराही रोड पर मलिकाना के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़े दो छात्रों को भी कुचलते हुए निकल गया। हादसे में दोनों छात्रों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

Hazaribagh Road Accident: तेज रफ्तार वाहन ने तीन लोगों को लिया चपेट में

मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र अमित कुमार (17) और प्रकाश यादव के पुत्र पीयूष कुमार (16) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक सिंघरावां मोड़ निवासी योगेंद्र यादव का पुत्र अमन कुमार (18) है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित और पीयूष सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान अमन बुलेट बाइक से लराही की ओर से अपने घर लौट रहा था।

Hazaribagh Road Accident: बाइक को टक्कर मारने के बाद छात्रों से टकराया वाहन

इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने अमन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दोनों छात्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित और पीयूष उछलकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराये। दोनों के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं। उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घायल युवक को हजारीबाग किया गया रेफर

हादसे में अमन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अनुमंडलीय अस्पताल बरही पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर चौपारण पुलिस भी पहुंची और ग्रामीणों की मदद से स्थिति संभाली।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे दोनों शव

पुलिस ने आपदा मित्र एंबुलेंस की मदद से दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पीयूष की मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं। वह शव से लिपटकर रोने लगीं। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।

स्कूल में पढ़ते थे दोनों छात्र, परिवार में पसरा मातम

परिजनों के अनुसार, अमित कुमार प्लस टू उच्च विद्यालय टोईया में 11वीं कक्षा का छात्र था। वहीं, पीयूष कुमार सुरेखा पब्लिक स्कूल बहेरा में 10वीं में पढ़ता था। सोमवार को दोनों स्कूल नहीं गए थे। पीयूष की विज्ञान और हिंदी की परीक्षा भी थी। परिजनों ने बताया कि दोनों ने सुबह खेलने के बाद दोपहर में खाना खाया था। इसके बाद घूमने के लिए घर से निकले थे।

दोनों किशोर अपने-अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई हैं। घर से घूमने निकले दोनों बच्चों की मौत की खबर ने परिवारों को तोड़कर रख दिया है। हादसे के बाद सिरमा गांव में शोक का माहौल है।

अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस

चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में शामिल अज्ञात चार पहिया वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read also: Chatra News: एकलव्य विद्यालय में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत

Latest Posts